पश्चिम बंगाल में नई सरकार के गठन के करीब एक महीने के बाद शुभेंदु कैबिनेट का आज सोमवार को विस्तार कर दिया गया. लोकभवन में 35 नेताओं को मंत्री पद की शपथ दिलाई गई. मंत्री बनने वालों में क्रिकेटर से नेता बने अशोक डिंडा भी शामिल हैं. अशोक डिंडा भारतीय क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज रहे हैं और वह मोयना सीट से विधायक चुने गए हैं.
भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) की पिछले महीने विधानसभा चुनावों में शानदार जीत के बाद, तृणमूल कांग्रेस के 15 साल के शासन का अंत हुआ. फिर 9 मई को शुभेंदु अधिकारी ने मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली. उनके साथ उस दिन 5 अन्य मंत्रियों ने भी शपथ ली थी. जिसमें दिलीप घोष, निसिथ प्रमाणिक, अग्निमित्रा पॉल, अशोक कीर्तनिया और के. टुडु शामिल थे. इस तरह से शुभेंदु कैबिनेट में मंत्रियों की संख्या 41 हो गई है.
लोक भवन में आज 35 और मंत्रियों ने पद की शपथ ली. हालांकि अभी नए मंत्रियों के विभागों का बंटवारा नहीं किया गया है. शपथ लेने वालों में बीजेपी विधायक दीपक बर्मन, तपस रॉय, शंकर घोष, मनोज कुमार ओराम, अर्जुन सिंह और गौरी शंकर घोष के नाम प्रमुख रहे.
इनके अलावा विधायक जगन्नाथ चट्टोपाध्याय, शपन दास गुप्ता, कल्याण चक्रवर्ती, शरद्वत मुखर्जी, अरुप कुमार दास, अजय कुमार पोद्दार और दूध कुमार मंडल ने भी बंगाल सरकार के मंत्री के तौर पर शपथ ली. विधायक मालती राव रॉय, राजेश महाता और इंद्रनील खान भी मंत्री बनाए गए हैं.
मंत्री बनने की रेस में कौन-कौन विधायक
इससे पहले यह कयास लगाए जा रहे थे कि कैबिनेट विस्तार में तपस और स्वपन के अलावा करीब 35 विधायकों को जगह मिलेगी. सुबह करीब 11 बजे ये विधायक मंत्री पद की शपथ लेंगे. नए मंत्रियों की संभावित लिस्ट में कई नामों की चर्चा हो रही है. जिनमें स्वपन दासगुप्ता का नाम पहले नंबर पर चल रहा है. स्वपन को महत्वपूर्ण मंत्री पद मिल सकता है. भाजपा के वरिष्ठ नेता स्वपन दासगुप्ता राश बिहारी से विधायक हैं. राजनीतिक हलकों में चर्चा है कि उन्हें मंत्रिमंडल में कोई महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है. वहीं, मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी पहले ही उन्हें शिक्षा विभाग की जिम्मेदारी दे चुके हैं. ऐसे में जानकार मानना है कि स्वपन दासगुप्ता को शिक्षा मंत्री बनाया जा सकता है.
जानें किन नेताओं को मिल सकता है मंत्री पद
बीजेपी विधायक तपस रॉय को भी मंत्री पद मिल सकता है. इस बार अनुभवी राजनेता ने मानिकतला विधानसभा क्षेत्र से जीत हासिल की है. नई सरकार बनने के बाद उन्होंने कार्यवाहक अध्यक्ष का पदभार संभाला है. नए अध्यक्ष के चुनाव तक वे विधानसभा की कार्यवाही का संचालन कर रहे हैं. उन्होंने नए विधायकों को शपथ भी दिलाई है. भाजपा सूत्रों के अनुसार, इस बार उन्हें कोई महत्वपूर्ण मंत्री पद दिया जा सकता है.
संभावित कैबिनेट मंत्रियों की सूची में शंकर घोष, रुद्रनील घोष, शरद्वत टुडू, प्रणत टुडू, रूपा गंगोपाध्याय, कल्याण चक्रवर्ती, चंदना बाउरी, जगन्नाथ चटर्जी, अशोक डिंडा और सुब्रत मैत्रा भी शामिल हैं.
अग्निमित्र पॉल और दिलीप के पास हैं ये विभाग
गौरतलब है कि अब तक पांच विभागों का प्रभार बांटा जा चुका है. दिलीप घोष को पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग, पशुपालन विकास विभाग और कृषि विपणन विभाग का मंत्री बनाया गया है. अग्निमित्र पॉल को महिला एवं बाल कल्याण एवं नगर एवं ग्रामीण विकास मंत्री बनाया गया है. वहीं, निशित प्रमाणिक को उत्तर बंगाल विकास एवं खेल विभाग का प्रभार दिया गया है. अशोक कीर्तनिया को खाद्य विभाग का प्रभार सौंपा गया है. खुदीराम टुडू को पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं अल्पसंख्यक मामलों के विभाग का मंत्री बनाया गया है.










