Trendingछत्तीसगढ

छत्तीसगढ़ की पुरानी विधानसभा का आज अंतिम दिन, आखिर क्यों बुलाया गया 1 दिन का विशेष सत्र

Chhattisgarh Vidhansabha: छत्तीसगढ़ बनने के बाद 25 सालों तक राज्य की राजनीति का साक्षी रहा रायपुर स्थित विधानसभा भवन आज रिटायर होने वाला है, क्योंकि अब राजधानी रायपुर में छत्तीसगढ़ की नई विधानसभा बन चुकी है, जिसमें आगे का कामकाज शुरू होगा. ऐसे में पुराने भवन को आज विदाई दी जाएगी, जिसके लिए एक दिन का विशेष सत्र बुलाया गया है. छत्तीसगढ़ बनने के बाद 25 सालों तक इसी भवन में विधानसभा का कामकाज चला था, जिसने कई तरह के उतार-चढ़ाव देखे हैं, छत्तीसगढ़ का यह विधानसभा भवन राज्य के चार मुख्यमंत्रियों के कार्यकाल का गवाह रहा है, जिसमें सबसे लंबा कार्यकाल रमन सिंह का रहा है, जो फिलहाल छत्तीसगढ़ विधानसभा के अध्यक्ष भी हैं।

छत्तीसगढ़ में आज विधानसभा का एक दिन का विशेष सत्र बुलाया गया है, जिसका विषय ‘पच्चीस वर्षों की संसदीय यात्रा पर केंद्रित विषयों पर चर्चा’ रखा गया है, सत्र के दौरान राज्य की अब तक की राजनीतिक, सामाजिक, आर्थिक और समग्र प्रगति को याद किया जाएगा. यह सत्र छत्तीसगढ़ के पुराने विधानसभा भवन को औपचारिक विदाई देने का भी अवसर है, क्योंकि इसके बाद नए भवन में कामकाज शुरू होगा, जिसका उद्घाटन हाल ही में पीएम मोदी ने किया था. छत्तीसगढ़ का गठन 1 नवंबर 2000 को हुआ था, जिसके बाद यहां पहला सत्र आयोजित किया गया था.

19 घंटे हुई थी चर्चा

छत्तीसगढ़ के इस विधानसभा भवन में कभी 19 घंटे तक लगातार चर्चा हुई थी, जबकि कभी यहां एक बार सत्तापक्ष के मंत्री ने ही सदन से वॉकआउट कर दिया था जो उस वक्त देश के राजनीतिक गलियारों में बड़ी खबर बनी थी. ऐसे में यह एक ऐतिहासिक भवन माना जाता है. छत्तीसगढ़ विधानसभा के पहले अध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद शुक्ल थे, जबकि अजीत जोगी राज्य के पहले सीएम थे और बीजेपी के नंदकुमार साय राज्य के पहले नेता प्रतिपक्ष थे. 25 साल के इतिहास में इस विधानसभा ने काफी उतार-चढ़ाव देखा है. जिसकी यादें आज एक बार फिर से ताजा होगी.

1 नवंबर 2000 को मध्य प्रदेश से अलग करके छत्तीसगढ़ राज्य बनाया गया था, जो 25 साल पूरे कर चुका है, इस दौरान पांच बार राज्य में विधानसभा चुनाव हो चुके हैं, पहली बार 2003 में चुनाव हुआ था, इसके बाद 2008, 2013, 2018 और 2023 में चुनाव हुए हैं. राज्य अलग होने के बाद बहुमत के आधार पर कांग्रेस के अजीत जोगी राज्य के सीएम बने थे, जबकि 2003 में बीजेपी ने जीत हासिल की और डॉ. रमन सिंह राज्य के दूसरे सीएम बने, उनके नेतृत्व में बीजेपी ने लगातार तीन चुनाव जीते और रमन सिंह सबसे लंबे कार्यकाल तक मुख्यमंत्री रहे, 2018 में कांग्रेस ने सत्ता में वापसी की और अगले 5 साल तक भूपेश बघेल राज्य के तीसरे सीएम रहे, 2023 के चुनाव में बीजेपी ने फिर वापसी की और अब विष्णुदेव साय मुख्यमंत्री की जिम्मेदारी निभा रहे हैं.

नए भवन में होगा शीतकालीन सत्र

छत्तीसगढ़ विधानसभा का कामकाज आगे से नई विधानसभा भवन में होगा, हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने छत्तीसगढ़ के स्थापना दिवस पर नए विधानसभा भवन का उद्घाटन किया था, आधुनिक तकनीक से सुसज्जित यह भवन राज्य की सांस्कृतिक पहचान को भी समेटे हुए है, यहां डिजिटल कार्यप्रणाली, पेपरलेस सत्र और उन्नत सुरक्षा जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं. अब विधानसभा का शीतकालीन सत्र इसी नए भवन में आयोजित होगा.

Related Posts

शराब दुकानों में ओवररेटिंग और नियमों की अनदेखी पर आबकारी विभाग का बड़ा एक्शन, तीन उपनिरीक्षक निलंबित

रायपुर। छत्तीसगढ़ में शराब दुकानों में ओवररेटिंग, नियमों के विपरीत थोक में शराब…

1 of 455