धमतरी में बुधवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे में पुलिस विभाग के एक प्रधान आरक्षक की मौत हो गई, जबकि एक नगर सैनिक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद पूरे पुलिस महकमे में शोक की लहर फैल गई है।
रात्रि गश्त के दौरान हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, कोतवाली थाना में पदस्थ प्रधान आरक्षक विजय बैरागी और नगर सैनिक दिलीप पांडे बुधवार सुबह करीब 3:30 बजे रात्रि गश्त पर निकले थे। दोनों सिहावा चौक स्थित संजय आर्ट्स के पास पहुंचे ही थे कि सामने से आ रही तेज रफ्तार पिकअप वाहन (CG05 AV 0232) ने उनकी मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी।
बताया जा रहा है कि हादसे के समय बाइक नगर सैनिक दिलीप पांडे चला रहे थे। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पिकअप चालक बाइक को लगभग 100 मीटर तक घसीटते हुए ले गया।
मौके पर हुई प्रधान आरक्षक की मौत
दुर्घटना में प्रधान आरक्षक विजय बैरागी गंभीर रूप से घायल हो गए और उन्होंने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। वहीं नगर सैनिक दिलीप पांडे को गंभीर हालत में तत्काल स्थानीय अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया है।
आरोपी चालक गिरफ्तार
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दुर्घटनाकारित पिकअप वाहन को जब्त कर लिया है तथा आरोपी चालक को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस विभाग में शोक
कर्तव्य निभाने के दौरान प्रधान आरक्षक विजय बैरागी की असामयिक मौत से पुलिस विभाग में गहरा शोक है। साथी पुलिसकर्मियों और अधिकारियों ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए घटना पर दुख व्यक्त किया है।









