रायपुर (छत्तीसगढ़): राजधानी रायपुर के राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। अमलीडीह स्थित मारुति रेजिडेंसी में रहने वाली 18 वर्षीय युवती ने बुधवार दोपहर अपने घर में सुसाइड कर लिया। घटना के वक्त युवती की दादी दूसरे कमरे में मौजूद थीं। परिजनों ने युवती को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, युवती ने उस वक्त यह आत्मघाती कदम उठाया जब घर पर केवल उसकी दादी मौजूद थीं। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन डायल 112 की मदद से युवती को अस्पताल ले गए। पुलिस को मौके से एक सुसाइड नोट बरामद हुआ है। पुरानी बस्ती सीएसपी देवांश सिंह राठौर के मुताबिक, युवती ने नोट में ‘निजी कारणों’ का हवाला दिया है।
पिता के खिलाफ NDPS केस और पुलिस की पूछताछ
जांच में यह बात सामने आई है कि मृतका के पिता, महेंद्र पटेल, के खिलाफ मंदिर हसौद थाने में करीब 3 साल पुराना NDPS एक्ट (नशीले पदार्थ) का मामला दर्ज है। महेंद्र पटेल लंबे समय से फरार चल रहे हैं और उनके खिलाफ 4 बार गिरफ्तारी वारंट जारी हो चुका है। बुधवार को मंदिर हसौद थाने के दो पुरुष और एक महिला आरक्षक युवती के घर पहुंचे थे। पुलिस फरार पिता के बारे में पूछताछ करने के लिए युवती की मां को अपने साथ थाने ले गई थी।
परिजनों का संदेह और पुलिस का बयान
परिजनों ने आशंका जताई है कि पुलिस द्वारा मां को पूछताछ के लिए ले जाने से युवती आहत थी और शायद इसी वजह से उसने यह कदम उठाया। हालांकि, पुलिस का कहना है कि बरामद सुसाइड नोट में पुलिस कार्रवाई या पूछताछ से संबंधित किसी भी तथ्य का उल्लेख नहीं है। पुलिस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है।









