सारंगढ़: सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के बरमकेला क्षेत्र में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने शिक्षा विभाग में चल रहे कथित भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। टीम ने खंड शिक्षा अधिकारी नरेंद्र जांगड़े को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया। इस कार्रवाई के बाद विभाग में हड़कंप मच गया है।
वेतन जारी करने के नाम पर मांगी रिश्वत
जानकारी के अनुसार, मार्च महीने का रुका हुआ वेतन जारी करने के एवज में दो शिक्षकों से 5-5 हजार रुपये की मांग की गई थी। इस पर एक शिक्षक, निरंजन बरिहा ने ACB में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत की पुष्टि के बाद ACB की टीम ने ट्रैप की योजना बनाई।
दराज में पैसे रखते ही दबोचा
गुरुवार को जैसे ही शिकायतकर्ता पैसे लेकर बरमकेला स्थित कार्यालय पहुंचा और आरोपी अधिकारी ने रकम लेकर अपनी दराज में रखी, पहले से मौजूद ACB टीम ने तुरंत छापा मारकर उसे गिरफ्तार कर लिया। पूरी कार्रवाई बेहद गोपनीय तरीके से अंजाम दी गई।
संकुल समन्वयक की भूमिका भी संदिग्ध
इस मामले में संकुल समन्वयक संजय चौहान की भूमिका भी सामने आई है। आरोप है कि वह रिश्वत दिलाने में मध्यस्थ की भूमिका निभा रहा था। ACB ने उसे भी हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज
दोनों आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 की धारा 7 और 12 के तहत केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। ACB अधिकारियों ने कहा है कि भ्रष्टाचार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।
लोगों से अपील
ACB ने आम जनता से अपील की है कि यदि कोई अधिकारी या कर्मचारी रिश्वत की मांग करता है, तो तुरंत इसकी शिकायत करें। बरमकेला क्षेत्र में इस तरह की यह पहली बड़ी ट्रैप कार्रवाई मानी जा रही है, जिससे प्रशासनिक महकमे में हलचल तेज हो गई है।










