भाटापारा। छत्तीसगढ़ के बलौदा बाजार जिले के भाटापारा शहर थाना क्षेत्र में दर्दनाक हादसा सामने आया है। मुख्य शाखा नहर में नहाने गए तीन बच्चे तेज बहाव की चपेट में आ गए। इस हादसे में एक बच्चे की मौत हो गई, जबकि एक की हालत गंभीर बताई जा रही है और एक बच्चे को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
मिली जानकारी के अनुसार, मृतक बच्चे की पहचान ब्लेशन डिंगल (13 वर्ष), पिता संतोष डिंगल, निवासी कंधमाल (उड़ीसा) के रूप में हुई है। वह गर्मी की छुट्टियां बिताने भाटापारा के शांति नगर में अपने फूफा दीनबंधु बाघ के घर आया हुआ था।
बताया जा रहा है कि बच्चे नहर में नहाने उतरे थे, तभी अचानक पानी का बहाव तेज हो गया और वे उसकी चपेट में आ गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया, जिसमें एक बच्चे को सुरक्षित निकाल लिया गया, जबकि दूसरे को गंभीर हालत में इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।
सूचना मिलते ही भाटापारा शहर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है।










