रायपुर। शराब दुकान कर्मियों के नाम पर हुए 101 करोड़ रुपए से अधिक के कथित ओवरटाइम भुगतान घोटाले में एसीबी और ईओडब्ल्यू की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एन. उदय राव को गिरफ्तार किया है। आरोपी छत्तीसगढ़ डिस्टलरी में वाइस प्रेसिडेंट, मार्केटिंग के पद पर कार्यरत था।
गिरफ्तारी के बाद जांच एजेंसी ने आरोपी को स्पेशल कोर्ट में पेश किया। मामले में पहले से गिरफ्तार सात अन्य आरोपियों को भी अदालत में पेश किया गया, जहां कोर्ट ने सभी को अगली सुनवाई तक न्यायिक रिमांड पर जेल भेजने का आदेश दिया।
बिलिंग और भुगतान व्यवस्था संभाल रहा था आरोपी
जांच एजेंसी के मुताबिक, छत्तीसगढ़ स्टेट मार्केटिंग कार्पोरेशन लिमिटेड (सीएसएमएल) के रिकॉर्ड में मैनपावर उपलब्ध कराने का कार्य A2Z Infra Services Limited के नाम पर था, लेकिन इसका संचालन, बिलिंग समन्वय और भुगतान व्यवस्था एन. उदय राव द्वारा की जा रही थी।
बताया गया कि कर्मचारियों की व्यवस्था, भुगतान और बिलिंग का कार्य छत्तीसगढ़ डिस्टलरी की संबद्ध कंपनी एनकेजेए के माध्यम से किया जाता था। ओवरटाइम, बोनस और अतिरिक्त कार्य दिवसों की बिलिंग भी कथित रूप से उदय राव के निर्देश पर तैयार होती थी।
जांच एजेंसी का दावा है कि कमीशन भुगतान को लेकर आरोपी का समन्वय अरुणपति त्रिपाठी से होता था और रकम उसके माध्यम से आगे अनवर ढेबर तक पहुंचाई जाती थी।
कोर्ट में पेश हुए 69 आरोपी
ईओडब्ल्यू और एसीबी द्वारा दर्ज शराब घोटाले की सुनवाई के दौरान पूर्व आबकारी मंत्री कवासी लखमा, चैतन्य बघेल, डिस्टलर्स और आबकारी अधिकारियों सहित कुल 69 आरोपी कोर्ट में पेश हुए। अदालत ने मामले की अगली सुनवाई 4 जून को तय की है।
182 करोड़ से ज्यादा अतिरिक्त भुगतान का आरोप
विवेचना में सामने आए दस्तावेजों के अनुसार वर्ष 2019-20 से 2023-24 के बीच मैनपावर एजेंसियों को तीन अलग-अलग मदों में अतिरिक्त भुगतान किया गया। इसमें लगभग 101.20 करोड़ रुपए ओवरटाइम, 12.21 करोड़ बोनस और 54.46 करोड़ रुपए अतिरिक्त कार्य दिवस भुगतान के रूप में शामिल हैं।
इसके अलावा सर्विस चार्ज के रूप में करीब 15.11 करोड़ रुपए का भुगतान किया गया। इस प्रकार कुल मिलाकर लगभग 182.98 करोड़ रुपए अतिरिक्त भुगतान किए जाने का आरोप है।
जांच में Sumit Facilities, Primeone Workforce, A2Z Infra Services Limited, Alert Commandos और Eagle Hunter Solutions जैसी मैनपावर एजेंसियों के नाम भी सामने आए हैं।










