अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के सरगुजा संभाग में लगातार जनहानि का कारण बन रहे कबराकान हाथी को लेकर वन विभाग ने बड़ा कदम उठाया है। पिछले छह महीनों में 15 लोगों की जान ले चुके इस हाथी को ट्रैंकुलाइज कर सैटेलाइट रेडियो कॉलर लगाने की अनुमति मिल गई है। इसके बाद वन विभाग हाथी की लोकेशन और गतिविधियों पर लगातार नजर रख सकेगा।
प्रधान मुख्य वन्यजीव वार्डन ने दी अनुमति
कबराकान हाथी को रेडियो कॉलर लगाने के अभियान के लिए प्रधान मुख्य वन्यजीव वार्डन ने मंजूरी दे दी है। अभियान की जिम्मेदारी सूरजपुर और बलरामपुर के डीएफओ को संयुक्त रूप से सौंपी गई है।
इस काम में विशेषज्ञों और प्रशिक्षित पशु चिकित्सकों की मदद ली जाएगी। जरूरत पड़ने पर कुमकी हाथियों का भी सहयोग लिया जा सकता है। रेडियो कॉलर लगाए जाने के बाद हाथी की गतिविधियों की लगातार निगरानी की जाएगी। साथ ही प्रत्येक 15 दिन में शासन को रिपोर्ट सौंपनी होगी।
महिला को कुचलकर मारने के बाद उदयपुर पहुंचा हाथी
इधर, कबराकान हाथी का आतंक लगातार जारी है। बीती रात करीब 11 बजे सूरजपुर जिले के रामानुजनगर वन परिक्षेत्र के उमेश्वरपुर में हाथी ने 45 वर्षीय दिलासो, पति अर्जुन को कुचलकर मार डाला। बताया जा रहा है कि पिछले एक सप्ताह में हाथी के हमले से पांच लोगों की मौत हो चुकी है।
महिला की जान लेने के बाद हाथी सूरजपुर से सरगुजा जिले के उदयपुर वन परिक्षेत्र की ओर बढ़ गया। खरसुरा, खोंधला, सलका और जरहाडीह होते हुए हाथी झिरमिटी गांव के पास जंगल में पहुंचा। जानकारी के मुताबिक, सुबह करीब 4 बजे से हाथी इसी इलाके में मौजूद है।
पांच स्कूलों में छुट्टी, ड्रोन से हो रही निगरानी
हाथी की मौजूदगी से आसपास के गांवों में दहशत का माहौल है। एहतियात के तौर पर डूमरडीह, धौंरपारा, ललमटिया पारा, आत्मानंद स्कूल और जरहाडीह स्कूल में छुट्टी घोषित कर दी गई है।
वहीं वन विभाग की टीम ड्रोन कैमरे और पांच अलग-अलग स्थानों से हाथी की गतिविधियों पर नजर रख रही है, ताकि उसकी लोकेशन का पता लगाया जा सके और ग्रामीणों को सुरक्षित रखा जा सके।
आज से शुरू होगा ट्रैंकुलाइज करने का अभियान
लगातार हो रही जनहानि के बीच वन विभाग की टीम आज से कबराकान हाथी को ट्रैंकुलाइज कर रेडियो कॉलर लगाने का अभियान शुरू करने की तैयारी में है। इस अभियान के सफल होने से हाथी की आवाजाही पर नजर रखना आसान हो सकता है और संवेदनशील इलाकों में समय रहते अलर्ट जारी करने में मदद मिल सकती है।
फिलहाल हाथी की मौजूदगी को देखते हुए ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी जा रही है। लगातार हो रहे हमलों से लोगों में भय और आक्रोश दोनों बढ़ रहे हैं।










