रायगढ़। रायगढ़ रेलवे स्टेशन स्थित RPF पोस्ट के अंदर उस समय हड़कंप मच गया, जब ड्यूटी के दौरान एक RPF हेड कांस्टेबल ने अपने ही साथी प्रधान आरक्षक पर ताबड़तोड़ चार गोलियां चला दीं। गोलीबारी में घायल हेड कांस्टेबल पीके मिश्रा की मौके पर ही मौत हो गई।
आरोपी हेड कांस्टेबल का नाम एस. लादेर है, जो जांजगीर-चांपा जिले का निवासी है। मृतक पीके मिश्रा मध्य प्रदेश के रीवा जिले के रहने वाले थे। दोनों एक ही बैच के थे और लंबे समय से साथ ड्यूटी कर रहे थे।
जानकारी के अनुसार, दोनों की ड्यूटी रात में लगी थी। तड़के करीब 4 बजे किसी व्यक्तिगत या छोटी-मोटी बात को लेकर दोनों के बीच तीखी बहस हो गई। बहस इतनी बढ़ गई कि एस. लादेर ने अपनी सर्विस रिवॉल्वर निकाली और पीके मिश्रा के सिर पर लगातार चार राउंड फायर कर दिए। गोलियां सिर में लगने से पीके मिश्रा ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
सूचना मिलते ही रायगढ़ RPF के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पूरी RPF पोस्ट को सील कर दिया गया है, किसी को अंदर जाने की इजाजत नहीं। बिलासपुर से IG RPF मुनव्वर खुर्शीद भी घटनास्थल पर पहुंच चुके हैं। फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं। मृतक हेड कांस्टेबल पीके मिश्रा की पत्नी भी घटनास्थल पर पहुंच गई हैं और गहरे सदमे में हैं।
फिलहाल आरोपी हेड कांस्टेबल एस. लादेर को हिरासत में ले लिया गया है। विवाद की असल वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है, लेकिन प्रारंभिक जांच में यह आपसी रंजिश या अचानक भड़के गुस्से का मामला लग रहा है।









