Uttar Pradesh News: संभल जिले के असमोली थाना क्षेत्र स्थित ओबरी गांव में युवा शायर फिरोज आलम ने फेसबुक लाइव पर सुसाइड कर लिया. दिल्ली से लौटने के बाद फिरोज ने सोशल मीडिया पर लाइव आकर दर्शकों को प्यार और भरोसे से दूर रहने की चेतावनी दी और जहरीली गोलियां खा लीं.
वीडियो में उसने स्पष्ट किया कि वह अपनी मर्जी से जान दे रहा है और इसके लिए कोई दूसरा जिम्मेदार नहीं है. जब तक परिजन वीडियो देख पाते और उसे अस्पताल ले जाते, फिरोज की मौत हो चुकी थी. परिवार ने बिना किसी कानूनी कार्यवाही के उसका अंतिम संस्कार कर दिया है.
‘न किसी से प्यार करो, न भरोसा’
फिरोज आलम अपनी ‘इश्क’ से जुड़ी शायरी के लिए ग्रामीण इलाकों में काफी लोकप्रिय था. फेसबुक लाइव के दौरान वह बेहद भावुक नजर आया और उसकी आंखों से आंसू बह रहे थे.
उसने दर्शकों से कहा, “दोस्तों, न किसी से भरोसा करो, न किसी से प्यार करो. अपने आप में मस्त रहो, तभी कामयाब रहोगे. न परिवार, न घरवाले, किसी को मत देखो.” उसने चेतावनी दी कि किसी को ज्यादा छूट देने पर वह आपको बर्बाद कर सकता है.
‘मुझे मौत शुरू से ही अजीज है’
सुसाइड से ठीक पहले फिरोज ने वीडियो में साफ किया कि उस पर किसी का दबाव नहीं है. उसने कहा- मैं अपनी जिंदगी से तंग आ चुका हूं, इसीलिए मौत को गले लगा रहा हूं. मुझे शुरू से ही मौत ज्यादा अजीज है. अपने वीडियो में फिरोज ने यह भी खुलासा किया कि वह इससे पहले तीन बार आत्महत्या की कोशिश कर चुका था. उसने बार-बार दोहराया कि उसके इस कदम के पीछे किसी का हाथ नहीं है और वह खुद मरना चाहता है.
अस्पताल पहुंचने से पहले तोड़ा दम
जैसे ही परिजनों को घटना की जानकारी हुई, वे उसे आनन-फानन में निजी अस्पताल लेकर दौड़े, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया. डॉक्टरों द्वारा मृत घोषित किए जाने के बाद परिवार में कोहराम मच गया. असमोली थाना प्रभारी मोहित चौधरी ने बताया कि पुलिस को इस मामले में कोई लिखित सूचना नहीं मिली है. यदि कोई शिकायत आती है, तो जांच की जाएगी.










