भिलाई। कैम्प-2 स्थित सतनाम नगर में शुक्रवार को आग लगने की एक बड़ी घटना सामने आई, जिसमें दो मकान पूरी तरह जलकर खाक हो गए। आग इतनी भीषण थी कि घरों में रखा फर्नीचर, कपड़े, इलेक्ट्रॉनिक सामान और जरूरी दस्तावेज कुछ ही देर में जल गए। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, लेकिन पीड़ित परिवारों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा।
मंदिर में जल रहे दीये से आग लगने की आशंका
जानकारी के अनुसार आग की शुरुआत एक घर से हुई, जो तेजी से फैलते हुए पास के दूसरे घर तक पहुंच गई। बताया जा रहा है कि घटना के समय घर के सभी सदस्य गुरु घासीदास जयंती के अवसर पर बाहर गए हुए थे। घर के मंदिर में पूजा के लिए दीया जलाया गया था, जिससे आग लगने की आशंका जताई जा रही है।

धुआं देखकर मची अफरा-तफरी
स्थानीय लोगों ने सबसे पहले घर से धुआं और आग की लपटें उठती देखीं। इसके बाद तुरंत घरवालों को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आग विकराल रूप ले चुकी थी। आसपास के लोगों ने एकजुट होकर आग बुझाने की कोशिश की और अन्य घरों को बचाने में जुट गए।
फायर ब्रिगेड पर देरी से पहुंचने का आरोप
स्थानीय निवासियों का आरोप है कि फायर ब्रिगेड को समय पर सूचना देने के बावजूद अग्निशमन वाहन काफी देर से मौके पर पहुंचा, जिससे आग ने और ज्यादा नुकसान पहुंचाया। लोगों का कहना है कि अगर फायर ब्रिगेड समय पर पहुंच जाती, तो नुकसान को कम किया जा सकता था।

समय रहते आग पर पाया गया काबू
फायर ब्रिगेड कर्मी विजय चतुर्वेदी ने बताया कि आग तेजी से फैल रही थी और यदि स्थानीय लोग समय रहते प्रयास नहीं करते, तो और भी घर इसकी चपेट में आ सकते थे। सूचना मिलते ही दमकल टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर आग पर काबू पाया गया।
फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है और पीड़ित परिवारों को सहायता दिलाने की मांग स्थानीय लोगों द्वारा की जा रही है।









