बिलासपुर: बिलासपुर में सरकारी लापरवाही से परेशान एक युवक ने विरोध का ऐसा तरीका अपनाया, जिसने सभी को चौंका दिया। हाउसिंग बोर्ड के दफ्तर में युवक ने अधिकारी की टेबल पर बादाम बिखेरते हुए तंज कसा—“मैडम, बादाम खाइए… शायद याददाश्त बढ़े और मेरी फाइल मिल जाए।”
सालभर से गायब नामांतरण की फाइल
जानकारी के मुताबिक, युवक तरुण साहू ने तिफरा क्षेत्र में एक EWS फ्लैट रिसेल में खरीदा था। इसके नामांतरण के लिए वह छत्तीसगढ़ हाउसिंग बोर्ड के दफ्तर के चक्कर लगा रहा है। लेकिन विभाग ने उसे बताया कि उसकी फाइल गुम हो चुकी है।
युवक का आरोप है कि पिछले एक साल से उसे सिर्फ “आज आओ, कल आओ” कहकर टाल दिया जा रहा है, लेकिन उसकी समस्या का कोई समाधान नहीं किया गया।
अनोखे विरोध से सब हैरान
लगातार हो रही देरी से परेशान होकर युवक बादाम की थैली लेकर ऑफिस पहुंचा और अधिकारी की टेबल पर बादाम बिखेर दिए। उसने तंज कसते हुए कहा कि शायद बादाम खाने से अधिकारियों की याददाश्त तेज हो जाए और उसकी फाइल मिल जाए।
इस दौरान दफ्तर में मौजूद कर्मचारी भी इस अनोखे विरोध को देखकर हैरान रह गए।
वीडियो हुआ वायरल
युवक ने इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर शेयर कर दिया, जो अब तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद लोग हाउसिंग बोर्ड की कार्यप्रणाली पर सवाल उठा रहे हैं और सरकारी लापरवाही की आलोचना कर रहे हैं।
विभाग की चुप्पी
वीडियो वायरल होने के बाद विभाग में हलचल जरूर बढ़ी है और फाइल को ढूंढने की कोशिश की जा रही है, लेकिन अब तक इस मामले में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।








