कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से एक बेहद सनसनीखेज और दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। जिले के उरगा क्षेत्र स्थित मीरा रिसॉर्ट में देर रात आयोजित एक बर्थडे पार्टी खूनी संघर्ष में तब्दील हो गई। शराब के नशे में धुत युवकों के दो गुटों के बीच हुए विवाद के बाद एक युवक ने दूसरे युवक पर कैंपर वाहन चढ़ाकर उसे बेरहमी से कुचल दिया। इस हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार, इस बर्थडे पार्टी में करीब 20 से 25 युवक शामिल थे। बताया जा रहा है कि पार्टी में मौजूद लगभग सभी लोग कोल ट्रांसपोर्ट कारोबार से जुड़े हुए हैं। देर रात शराब के नशे में किसी बात को लेकर युवकों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते मारपीट और हिंसक झड़प में बदल गई।
विवाद इस कदर बढ़ा कि एक गुट के युवक तुषार ढांढा ने कथित तौर पर दूसरे गुट के युवक उज्जवल सिंह पर अपना कैंपर वाहन चढ़ा दिया। वाहन की रफ्तार और टक्कर इतनी भयानक थी कि उज्जवल सिंह ने घटनास्थल पर ही तड़प-तड़प कर दम तोड़ दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी तुषार ढांढा अपने वाहन समेत मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही उरगा थाना पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और घटनास्थल का मुआयना कर साक्ष्य जुटाए हैं। फिलहाल फरार आरोपी तुषार ढांढा की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
इस वारदात के बाद से स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश और सुरक्षा को लेकर चिंता है। कोरबा शहर और आसपास के इलाकों में बीते 15 दिनों के भीतर यह चौथी हत्या है। एक तरफ जहां पुलिस मुस्तैदी, लगातार गश्त और अपराधियों पर नकेल कसने का दावा कर रही है, वहीं दूसरी ओर लगातार हो रही इन जघन्य वारदातों ने कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि उरगा क्षेत्र का मीरा रिसॉर्ट लंबे समय से विवादों में रहा है। यहां देर रात तक चलने वाली संदिग्ध पार्टियों, शराबखोरी और हुड़दंग को लेकर पहले भी कई बार पुलिस और प्रशासन से शिकायतें की जा चुकी हैं। लोगों का आरोप है कि यदि समय रहते रिसॉर्ट प्रबंधन और वहां होने वाली अवैध गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई की गई होती, तो आज यह कत्ल न हुआ होता।










