रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के सड्डू इलाके से एक बेहद दर्दनाक और रूह कंपा देने वाले सड़क हादसे की खबर सामने आई है। यहां ट्यूशन जा रहे एक 15 साल के मासूम बच्चे को तेज रफ्तार पानी टैंकर ने बेरहमी से कुचल दिया। इस खूनी हादसे का एक विचलित करने वाला सीसीटीवी (CCTV) फुटेज भी सामने आया है, जिसमें गाड़ी का पहिया ऊपर से गुजर जाने के बाद भी बच्चा चंद सेकेंड के लिए उठकर खड़ा हुआ, लेकिन अंदरूनी चोटों के कारण वह दोबारा गिरा और अस्पताल में इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। घटना के बाद से मासूम के माता-पिता गहरे सदमे में हैं।
पैदल ट्यूशन जा रहा था मासूम महावीर
जानकारी के मुताबिक, यह दुखद घटना मंगलवार (26 मई) को विधानसभा थाना क्षेत्र के सड्डू स्थित शासकीय स्कूल के पास हुई। सड्डू के हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी (LIG 104, सेक्टर-1) में रहने वाला महावीर शर्मा (15 वर्ष) पीठ पर स्कूल बैग टांगे सड़क किनारे पैदल ट्यूशन जा रहा था। वह अपनी धुन में आगे बढ़ रहा था, तभी पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार पानी टैंकर के चालक ने लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए उसे अपनी चपेट में ले लिया और गाड़ी का पहिया बच्चे के ऊपर चढ़ाते हुए आगे निकल गया।
रोंगटे खड़े कर देने वाला था मंजर, माता-पिता बेसुध
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोग तुरंत दौड़कर मासूम की तरफ भागे और उसे लहूलुहान हालत में पास के ही ‘इत्सा अस्पताल’ ले गए। डॉक्टरों ने बच्चे को बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन इलाज के दौरान उसकी सांसें टूट गईं। इकलौते चिराग की इस तरह अचानक मौत से हंसता-खेलता परिवार तबाह हो गया है और माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस, बाइक सवार पर भी शक
हादसे की सूचना मिलते ही विधानसभा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के अन्य सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है।
- जांच का नया एंगल: सामने आए वीडियो में हादसे से ठीक कुछ सेकेंड पहले एक अज्ञात बाइक सवार भी नजर आ रहा है। पुलिस को अंदेशा है कि उस बाइक की अचानक हुई हलचल या कट मारने के कारण बच्चा घबराकर टैंकर के सामने आ गया होगा।
- खास बात यह है कि हादसे के तुरंत बाद सबसे पहले वही अज्ञात बाइक सवार ही मदद के लिए बच्चे के पास पहुंचा था, पुलिस उससे भी पूछताछ की तैयारी में है।
टैंकर छोड़कर ड्राइवर फरार, तलाश जारी
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी टैंकर चालक गाड़ी लेकर मौके से फरार हो गया। हालांकि, पुलिस का कहना है कि टैंकर और उसके ड्राइवर की पहचान कर ली गई है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं और जल्द ही उसे सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा।
बड़ा सवाल: रिहायशी इलाकों और स्कूलों के पास भारी वाहनों और पानी टैंकरों की बेलगाम रफ्तार पर आखिर कब लगाम लगेगी? क्या मासूमों की जान इतनी सस्ती हो चुकी है कि आए दिन ऐसे तेज रफ्तार वाहन काल बनकर सड़कों पर दौड़ रहे हैं?









