बलौदाबाजार-कसडोल | छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले के कसडोल से इंसानियत को शर्मसार करने वाला एक मामला सामने आया है। यहाँ एक युवती को सरकारी नौकरी दिलाने का लालच देकर उसकी अस्मिता से खिलवाड़ किया गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
भरोसे की आड़ में दरिंदगी
मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी सुरेंद्र टंडन, जो सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) कसडोल में वाहन चालक के पद पर पदस्थ है, ने युवती को सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा दिया था। नौकरी की तलाश कर रही युवती को अपने जाल में फंसाकर आरोपी ने उसके भरोसे का फायदा उठाया और उसके साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई
पीड़िता की शिकायत के बाद पुलिस ने मामले को पूरी गंभीरता से लिया। घटना से व्यथित होकर पीड़िता ने 11 अप्रैल 2026 को थाना कसडोल में रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने अपराध क्रमांक 169/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 64(1) के अंतर्गत मामला पंजीबद्ध किया। पुलिस अधीक्षक (SP) भावना गुप्ता ने मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी के निर्देश जारी किए।
एसपी के निर्देशों के बाद कसडोल पुलिस ने दबिश देकर आरोपी सुरेंद्र टंडन को हिरासत में लिया। कड़ी पूछताछ में आरोपी ने अपना गुनाह स्वीकार कर लिया। इसके बाद 13 अप्रैल 2026 को उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहाँ से उसे जेल भेज दिया गया है।









