Trendingछत्तीसगढबड़ी खबर

CSMCL मैनपावर घोटाला: 100 करोड़ के ‘ओवरटाइम’ खेल में 7 गिरफ्तार, अनवर ढेबर तक पहुंचती थी कमीशन की रकम

रायपुर। छत्तीसगढ़ स्टेट मार्केटिंग कॉर्पोरेशन लिमिटेड (CSMCL) में मैनपावर और प्लेसमेंट के नाम पर हुए करोड़ों रुपये के घोटाले में ACB-EOW ने बड़ी स्ट्राइक की है। जांच टीम ने इस मामले में 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिन्हें विशेष अदालत ने 11 मई तक कस्टोडियल रिमांड पर भेज दिया है।

क्या है पूरा मामला?

यह पूरा विवाद शराब दुकानों में तैनात कर्मचारियों के ‘ओवरटाइम भत्ते’ से जुड़ा है। जांच में खुलासा हुआ है कि वर्ष 2019-20 से 2023-24 के बीच प्लेसमेंट एजेंसियों के माध्यम से ओवरटाइम के नाम पर 100 करोड़ रुपये से अधिक का भुगतान किया गया। कागजों पर तो यह दिखाया गया कि कर्मचारियों ने अतिरिक्त काम किया, लेकिन असलियत में उन कर्मचारियों को एक रुपया भी नहीं मिला।

ऐसे हुआ 100 करोड़ का गबन

  • साजिश और फर्जीवाड़ा: आबकारी विभाग के अधिकारियों और प्लेसमेंट एजेंसियों ने मिलीभगत कर करोड़ों के फर्जी बिल पास कराए।
  • कर्मचारियों को नहीं मिला पैसा: नियम के मुताबिक यह राशि दुकानों में काम करने वाले स्टाफ को मिलनी थी, लेकिन एजेंसियों ने इसे कमीशन के रूप में निकाल लिया।
  • अनवर ढेबर का नाम आया सामने: EOW की जांच में यह स्थापित हुआ है कि एजेंसियों के जरिए निकाली गई इस अवैध राशि का बड़ा हिस्सा अंततः अनवर ढेबर तक पहुंचाया जाता था।

ईडी की रेड से खुला था राज

इस बड़े घोटाले की नींव 29 नवंबर 2023 को पड़ी, जब प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने रायपुर में छापेमारी के दौरान तीन लोगों से 28.80 लाख रुपये नगद बरामद किए थे। ईडी की इस सूचना के बाद छत्तीसगढ़ शासन के निर्देश पर EOW/ACB ने भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम और आईपीसी की विभिन्न धाराओं (467, 468, 471, 120बी) के तहत एफआईआर दर्ज की थी।

होगी और भी गिरफ्तारियां

ACB-EOW की टीम फिलहाल गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है। अधिकारियों का मानना है कि इस ‘सिंडिकेट’ में कई और सफेदपोश और बड़े अधिकारी शामिल हो सकते हैं। आने वाले दिनों में कुछ और बड़ी गिरफ्तारियां होने की पूरी संभावना है।

Related Posts

रेणु जी पिल्ले होंगी छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल की नई अध्यक्ष, व्यापमं के विलय के बाद सरकार ने जारी किया आदेश

रायपुर। छत्तीसगढ़ शासन ने प्रशासनिक स्तर पर एक बड़ा बदलाव करते हुए वरिष्ठ आईएएस…

सूरजपुर में सनसनीखेज अपहरण: पूर्व ड्राइवर ने साथियों संग महिला को किया अगवा, 22 लाख की मांगी फिरौती

सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में अपहरण का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया…

1 of 309