Trendingछत्तीसगढबड़ी खबर

सूरजपुर में मातम में बदली खुशियां: बारातियों से भरी पिकअप पलटने से दो की मौत, कई घायल

सूरजपुर। जिले के दूरस्थ वनांचल क्षेत्र में एक भीषण सड़क हादसा हुआ है। बिहारपुर से रसौकी जा रही बारातियों से भरी एक अनियंत्रित पिकअप पलट गई, जिससे मौके पर ही एक महिला और एक पुरुष की दर्दनाक मौत हो गई। इस हादसे में करीब 20 से अधिक लोग घायल हुए हैं, जिनमें से दो की हालत नाजुक बनी हुई है।

उमझर गांव के पास हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, पिकअप वाहन (क्रमांक MP-66 G 0850) में करीब 20 से 25 बाराती सवार होकर शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे। जैसे ही वाहन मोहरसोप चौकी क्षेत्र के उमझर गांव के पास पहुंचा, चालक ने नियंत्रण खो दिया और पिकअप सड़क पर ही पलट गई। चीख-पुकार सुनकर मौके पर पहुंचे स्थानीय ग्रामीणों ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया।

दो ने मौके पर तोड़ा दम, अस्पताल में अफरा-तफरी

हादसे में एक महिला और एक पुरुष की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल बारातियों को आनन-फानन में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बिहारपुर ले जाया गया। डॉक्टरों के अनुसार, दो घायलों की स्थिति बेहद गंभीर है, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर करने की तैयारी की जा रही है। अन्य घायलों का उपचार जारी है।

ओवरलोडिंग ने फिर ली जान!

हादसे की सूचना मिलते ही मोहरसोप चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया। शुरुआती जांच में हादसे की वजह वाहन का अनियंत्रित होना और ओवरलोडिंग बताई जा रही है। गौरतलब है कि ग्रामीण इलाकों में मालवाहक वाहनों (पिकअप) में क्षमता से अधिक सवारियां बैठाना हादसों का बड़ा सबब बन रहा है।

पुलिस की जांच जारी

पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वाहन चालक की तलाश की जा रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि हादसा किसी तकनीकी खराबी के कारण हुआ या तेज रफ्तार की वजह से। इस दुखद घटना के बाद दोनों ही गांवों (बिहारपुर और रसौकी) में शोक की लहर दौड़ गई है।

Related Posts

रेणु जी पिल्ले होंगी छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल की नई अध्यक्ष, व्यापमं के विलय के बाद सरकार ने जारी किया आदेश

रायपुर। छत्तीसगढ़ शासन ने प्रशासनिक स्तर पर एक बड़ा बदलाव करते हुए वरिष्ठ आईएएस…

सूरजपुर में सनसनीखेज अपहरण: पूर्व ड्राइवर ने साथियों संग महिला को किया अगवा, 22 लाख की मांगी फिरौती

सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में अपहरण का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया…

1 of 309