रायपुर। छत्तीसगढ़ शासन ने प्रशासनिक स्तर पर एक बड़ा बदलाव करते हुए वरिष्ठ आईएएस अधिकारी रेणु जी पिल्ले को छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल का अध्यक्ष नियुक्त किया है। राज्य सरकार ने इस संबंध में आधिकारिक आदेश जारी कर दिया है।
व्यापमं का हुआ विलय
राज्य सरकार ने एक महत्वपूर्ण नीतिगत निर्णय लेते हुए व्यावसायिक परीक्षा मंडल (व्यापमं) का विलय अब कर्मचारी चयन मंडल में कर दिया है। इस एकीकरण के बाद अब रेणु जी पिल्ले इस नए स्वरूप वाले मंडल की कमान संभालेंगी। माना जा रहा है कि इस विलय से भर्ती प्रक्रियाओं में अधिक पारदर्शिता और गति आएगी।
माध्यमिक शिक्षा मंडल का प्रभार रहेगा बरकरार
आदेश के अनुसार, नई जिम्मेदारी के साथ-साथ रेणु जी पिल्ले के पास उनके वर्तमान दायित्व भी बने रहेंगे। वे पूर्व की भांति माध्यमिक शिक्षा मंडल (माशिमं) के अध्यक्ष पद का अतिरिक्त प्रभार (Additional Charge) संभालती रहेंगी।
प्रशासनिक कसावट की कोशिश
भर्ती बोर्डों के एकीकरण और एक वरिष्ठ अधिकारी को इसकी कमान सौंपने के पीछे सरकार का उद्देश्य राज्य में होने वाली प्रतियोगी परीक्षाओं और चयन प्रक्रियाओं को और अधिक सुव्यवस्थित करना है। रेणु जी पिल्ले के अनुभव का लाभ अब प्रदेश के लाखों परीक्षार्थियों और युवाओं को बेहतर परीक्षा प्रबंधन के रूप में मिलने की उम्मीद है।










