Trendingछत्तीसगढबड़ी खबर

राशन दुकानों में चावल घोटाले पर खाद्य विभाग सख्त, 389 क्विंटल शॉर्टेज मामले में FIR दर्ज

रायपुर। सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) के तहत संचालित उचित मूल्य दुकानों में चावल की गड़बड़ी के मामलों पर खाद्य विभाग लगातार कार्रवाई कर रहा है। इसी क्रम में विभाग ने जोरा स्थित उचित मूल्य दुकान समिति के अध्यक्ष और विक्रेता के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। जांच के दौरान इस दुकान में 389 क्विंटल चावल की कमी (शॉर्टेज) पाई गई थी, जिसकी कीमत 15 लाख रुपये से अधिक बताई गई है।

खाद्य विभाग के अनुसार, जोरा स्थित शासकीय उचित मूल्य दुकान (आईडी 442001026) की जांच में पिछले वर्ष बड़े पैमाने पर चावल शॉर्टेज मिला था। विभाग ने समिति के अध्यक्ष और विक्रेता को कई बार नोटिस जारी कर चावल अथवा उसकी समतुल्य राशि जमा करने के निर्देश दिए थे, लेकिन लंबे समय बाद भी भरपाई नहीं की गई। इसके बाद विभाग ने दोनों के खिलाफ तेलीबांधा थाना में एफआईआर दर्ज कराई है।

अन्य दुकानों पर भी कार्रवाई की तैयारी

खाद्य विभाग की जांच में रायपुर जिले की कई अन्य उचित मूल्य दुकानों में भी भारी मात्रा में चावल शॉर्टेज मिला है। विभागीय रिकॉर्ड के अनुसार:

  • सेरीखेड़ी दुकान (आईडी 442001044) में लगभग 450 क्विंटल चावल शॉर्टेज मिला।
  • ग्राम कोसमखुटा, आरंग (आईडी 442003042) में लगभग 220 क्विंटल चावल की कमी पाई गई।
  • रायपुर की दुकान आईडी 441001290 एवं 441001291 में 200 से 250 क्विंटल तक चावल शॉर्टेज मिला।
  • ग्राम गनौद, आरंग स्थित दुकान में करीब 175 क्विंटल चावल की कमी दर्ज की गई।

विभाग ने इन सभी दुकानों के संचालकों और समिति प्रभारियों को नोटिस जारी कर चावल अथवा उसकी राशि जमा करने के निर्देश दिए हैं। हालांकि अब तक संतोषजनक जवाब या भरपाई नहीं की गई है।

गड़बड़ी करने वालों पर होगी कानूनी कार्रवाई

रायपुर के खाद्य नियंत्रक भूपेंद्र मिश्रा ने कहा कि उचित मूल्य दुकानों में अनियमितता और गड़बड़ी करने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। जिन दुकानों में चावल शॉर्टेज मिला है, उन्हें नोटिस जारी किए जा चुके हैं। यदि संबंधित संचालक चावल या उसकी राशि जमा नहीं कराते हैं, तो उनके खिलाफ भी एफआईआर दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

खाद्य विभाग की इस कार्रवाई को सार्वजनिक वितरण प्रणाली में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Related Posts

इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय में परीक्षा से पहले पेपर लीक! BSc सेकंड ईयर का एंटोमोलॉजी प्रश्नपत्र WhatsApp पर वायरल

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर स्थित इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय में…

शराब दुकानों में ओवररेटिंग और नियमों की अनदेखी पर आबकारी विभाग का बड़ा एक्शन, तीन उपनिरीक्षक निलंबित

रायपुर। छत्तीसगढ़ में शराब दुकानों में ओवररेटिंग, नियमों के विपरीत थोक में शराब…

1 of 456