कोरबा में नया बिजली कनेक्शन लेने के लिए अब लोगों को बार-बार बिजली कार्यालय के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड ने नई व्यवस्था लागू करते हुए नए विद्युत कनेक्शन की प्रक्रिया को पूरी तरह ऑनलाइन कर दिया है। अब उपभोक्ता घर बैठे ही वेबसाइट या मोबाइल ऐप के माध्यम से आवेदन कर सकेंगे।
घर बैठे करें आवेदन
डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी की नई व्यवस्था के तहत उपभोक्ता “मोर बिजली” ऐप, सीएससी (कॉमन सर्विस सेंटर) अथवा कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट के जरिए नया बिजली कनेक्शन लेने के लिए आवेदन कर सकते हैं। आवेदन प्रक्रिया के दौरान आवश्यक दस्तावेज ऑनलाइन अपलोड किए जा सकेंगे। इसमें स्थायी पते सहित अन्य जरूरी दस्तावेजों की आवश्यकता होगी।
कार्यालय जाने की नहीं होगी जरूरत
सीएसपीडीसीएल कोरबा कार्यालय में पदस्थ कार्यपालन यंत्री एसके सोनी ने बताया कि नए विद्युत कनेक्शन की पूरी प्रक्रिया अब ऑनलाइन कर दी गई है। आवेदक अपने मोबाइल नंबर के माध्यम से आवेदन पंजीकृत कर सकेंगे। आवेदन मिलने के बाद संबंधित वितरण कार्यालय को इसकी सूचना पहुंचेगी और अधिकारी ऑनलाइन प्रक्रिया के तहत डिमांड नोट जारी कर मीटर लगाने की कार्रवाई करेंगे।
ऑफलाइन आवेदन करने वालों को भी मिलेगी सुविधा
अधिकारी ने बताया कि जो लोग ऑनलाइन आवेदन नहीं कर पाएंगे और सीधे वितरण केंद्र, जोन या उपसंभाग कार्यालय में आवेदन देंगे, उनके आवेदन को वहां मौजूद हेल्प डेस्क स्टाफ, कनिष्ठ अभियंता या सहायक अभियंता द्वारा ऑनलाइन पंजीकृत किया जाएगा।
पारदर्शिता और सुविधा पर जोर
कंपनी का कहना है कि इस नई व्यवस्था का उद्देश्य उपभोक्ताओं को तेज, पारदर्शी और सरल सेवा उपलब्ध कराना है। ऑनलाइन प्रक्रिया लागू होने से लोगों का समय बचेगा और कार्यालयों में अनावश्यक भीड़ भी कम होगी।








