रायपुर। ऑनलाइन फार्मेसी के विरोध में छत्तीसगढ़ समेत देशभर के केमिस्टों ने 20 मई को एक दिवसीय व्यापार बंद का ऐलान किया है। हड़ताल के दौरान थोक और रिटेल दवा बाजार बंद रहेंगे, हालांकि मरीजों की सुविधा को देखते हुए सरकारी एवं निजी अस्पतालों की मेडिकल दुकानों, प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्रों और धनवंतरी दवा दुकानों को खुला रखा जाएगा।
खाद्य एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) की निगरानी में आपातकालीन दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। किसी भी तरह की दवा संबंधी परेशानी होने पर लोग मेडिकल कॉम्प्लेक्स, रजबंधा मैदान स्थित जिला केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन कार्यालय या एफडीए के जिला कार्यालय, पुराना नर्सेस हॉस्टल में संपर्क कर सकते हैं।
जिला दवा विक्रेता संघ के उपाध्यक्ष अश्विनी विग ने बताया कि अनियंत्रित ई-फार्मेसी और भारी छूट आधारित ऑनलाइन व्यापार से पारंपरिक दवा कारोबार प्रभावित हो रहा है। छोटे और मध्यम दवा विक्रेताओं के सामने अस्तित्व का संकट खड़ा हो गया है।
संघ का कहना है कि बिना डॉक्टर की पर्ची के दवाओं की बिक्री, एंटीबायोटिक और नशे की दवाओं की आसान उपलब्धता, नकली प्रिस्क्रिप्शन और गलत भंडारण जैसी समस्याएं जनस्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा बनती जा रही हैं। कोविड-19 के दौरान ऑनलाइन फार्मेसी को दी गई अस्थायी सुविधा अब समाप्त होनी चाहिए, लेकिन उसका दुरुपयोग लगातार जारी है।
हड़ताल के बावजूद जिला केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन ने जनहित और आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की बात कही है।









