राजपुर। ग्राम पंचायत कोटागहना में शनिवार देर रात जहरीले सांप के डसने से नानी और उनकी 8 वर्षीय नातिन की मौत हो गई। एक ही परिवार के दो सदस्यों की कुछ घंटों के भीतर मौत से पूरे गांव में शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम घोरघड़ी के फूफंदीपारा निवासी 8 वर्षीय करिश्मा अपनी नानी नंदी (56) के घर कोटागहना आई हुई थी। शनिवार रात दोनों घर के कमरे में जमीन पर सो रही थीं। रात करीब 11 बजे एक जहरीले सांप ने पहले करिश्मा को डस लिया। बच्ची के रोने की आवाज सुनकर नानी उसे बचाने और सांप को हटाने लगीं, तभी सांप ने उन्हें भी कई जगह डस लिया।
बच्ची की तबीयत बिगड़ने पर परिजन 108 एंबुलेंस की मदद से उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजपुर ले गए। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर रेफर कर दिया, लेकिन इलाज के लिए ले जाते समय चंद्रगढ़ के पास तड़के करीब 4 बजे रास्ते में उसकी मौत हो गई। वहीं, नानी नंदी की तड़के करीब 3 बजे घर पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही राजपुर पुलिस मौके पर पहुंची। पंचनामा कार्रवाई के बाद दोनों शवों का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन ने लोगों से घरों के आसपास साफ-सफाई बनाए रखने, जमीन पर सोने से बचने तथा सांप काटने की स्थिति में झाड़-फूंक के बजाय तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचने की अपील की है।







