रायपुर | राजधानी रायपुर में रील बनाने और सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन करने का खुमार अब एक सरकारी शिक्षिका के गले की हड्डी बन गया है। रायपुरा स्थित एक सरकारी स्कूल में पदस्थ शिक्षिका का तलवार लहराते हुए वीडियो वायरल होने के बाद शिक्षा विभाग ने कड़ा रुख अपनाया है।
जानकारी के अनुसार, ‘श्रद्धा शर्मा’ नाम के इंस्टाग्राम अकाउंट से तलवार के साथ कई फोटो और वीडियो पोस्ट किए गए थे। वीडियो में युवती फिल्मी गानों और डायलॉग्स के साथ हथियार लहराते हुए पोज देती नजर आ रही है। युवती ने अपनी सोशल मीडिया प्रोफाइल में खुद को ‘लेक्चरर’ बताया है, जिसके बाद उनकी पहचान रायपुरा के शासकीय स्कूल की शिक्षिका के रूप में हुई।
मामला संज्ञान में आते ही जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) हिमांशु भारतीय ने इसे शासकीय सेवा शर्तों का उल्लंघन माना है। प्राचार्य के माध्यम से संबंधित शिक्षिका को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। अधिकारियों का कहना है कि एक शिक्षक समाज का आदर्श होता है, ऐसे में इस तरह का अमर्यादित आचरण स्वीकार्य नहीं है। संतोषजनक जवाब न मिलने पर निलंबन जैसी विभागीय कार्रवाई हो सकती है।
रायपुर पुलिस पहले से ही हथियारों का सार्वजनिक प्रदर्शन करने वालों के खिलाफ अभियान चला रही है। डीसीपी संदीप पटेल ने स्पष्ट किया है कि मामले की औपचारिक जानकारी मिलने के बाद पुलिस कानूनी पहलुओं की जांच करेगी। फिलहाल यह जांच का विषय है कि वीडियो में इस्तेमाल की गई तलवार असली थी या डमी। हालांकि, सार्वजनिक प्रदर्शन अपने आप में कानून के दायरे में आता है।










