Trendingछत्तीसगढबड़ी खबर

सक्ती में ACB की बड़ी कार्रवाई: 20 हजार की रिश्वत लेते ASI रंगे हाथ गिरफ्तार

सक्ती। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए थाना चंद्रपुर में पदस्थ सहायक उप निरीक्षक (ASI) एस.एन. मिश्रा को 20 हजार रुपए रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी पुलिस अधिकारी प्रार्थी के खिलाफ दर्ज मामले में कड़ी कार्रवाई से बचाने के एवज में 40 हजार रुपए की रिश्वत मांग रहा था। एसीबी की टीम ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप कार्रवाई कर आरोपी को दबोच लिया।

40 हजार रुपए रिश्वत की थी मांग

मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम बालपुर थाना चंद्रपुर निवासी शिव प्रसाद बरेठ ने एसीबी कार्यालय बिलासपुर में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि ग्राम बालपुर की सरस्वती जायसवाल द्वारा उसके और उसके परिवार के खिलाफ मारपीट की रिपोर्ट थाना चंद्रपुर में दर्ज कराई गई थी। मामले में कड़ी कार्रवाई का डर दिखाकर थाना चंद्रपुर में पदस्थ ASI एस.एन. मिश्रा 40 हजार रुपए रिश्वत की मांग कर रहा था।

शिकायत के बाद ACB ने बनाई योजना

प्रार्थी रिश्वत नहीं देना चाहता था। उसने एसीबी से शिकायत कर आरोपी अधिकारी को रंगे हाथ पकड़ने की मांग की। शिकायत के सत्यापन के दौरान एसीबी ने पाया कि आरोपी ASI पहले ही 20 हजार रुपए रिश्वत के रूप में ले चुका था, जबकि शेष 20 हजार रुपए लेना बाकी था। इसके बाद एसीबी बिलासपुर की टीम ने ट्रैप कार्रवाई की योजना तैयार की।

ढाबे में दूसरी किश्त लेते पकड़ा गया आरोपी

शनिवार 10 मई 2026 को प्रार्थी ने आरोपी ASI को चंद्रपुर स्थित गुड्डू ढाबा बुलाया, जहां दूसरी किश्त के रूप में 20 हजार रुपए दिए गए। जैसे ही आरोपी मिश्रा ने रिश्वत की रकम अपने कब्जे में ली, पहले से तैनात एसीबी टीम ने उसे रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। मौके से रिश्वत की रकम भी बरामद कर ली गई।

पहले से मिल रही थीं शिकायतें

एसीबी सूत्रों के मुताबिक आरोपी ASI के खिलाफ पहले भी रिश्वतखोरी की शिकायतें मिल रही थीं। फिलहाल आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 की धारा 7 के तहत कार्रवाई की जा रही है।

ACB की लोगों से अपील

एसीबी ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि कोई भी सरकारी अधिकारी या कर्मचारी रिश्वत की मांग करता है तो इसकी सूचना तुरंत एसीबी को दें, ताकि भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सके।

Related Posts

बिलासपुर में सरेराह गुंडागर्दी: सिविल लाइन थाने के पास दो गुटों में खूनी संघर्ष, चाकू लेकर दौड़ा बदमाश, VIDEO

बिलासपुर | न्यायधानी बिलासपुर में अपराधियों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि अब…

CG NEWS- बोर्ड परीक्षा में खराब रिजल्ट पर बड़ी कार्रवाई: 8 प्राचार्य सस्पेंड, 14 की वेतनवृद्धि रोकी

रायपुर/बालोद। दसवीं और बारहवीं बोर्ड परीक्षा में खराब प्रदर्शन करने वाले स्कूलों…

1 of 319