Trendingछत्तीसगढबड़ी खबर

सांसद बृजमोहन अग्रवाल का कड़ा एक्शन; रेंजर को सस्पेंड करने के निर्देश, PHE अमले को फटकार

राजिम। रायपुर लोकसभा क्षेत्र के सांसद बृजमोहन अग्रवाल बुधवार को राजिम में आयोजित ‘सुशासन तिहार’ शिविर में शामिल हुए। इस दौरान जनता की समस्याओं को लेकर सांसद का बेहद कड़ा और आक्रामक रुख देखने को मिला। शिविर में नदारद वन विभाग के रेंजर को सांसद ने मंच से ही तत्काल निलंबित (सस्पेंड) करने के आदेश दे दिए, वहीं एक भी कर्मचारी न भेजने वाले पीएचई (PHE) विभाग को कड़ी फटकार लगाई।

शिविर में कुल 308 आवेदन प्राप्त हुए, जिन्हें लेकर सांसद अग्रवाल ने दो टूक शब्दों में कहा कि इन सभी समस्याओं का निराकरण सात दिनों के भीतर हर हाल में हो जाना चाहिए, अन्यथा जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।


“रेंजर कहां हैं?” – “नहीं मालूम सर” और भड़क गए सांसद

शिविर के दौरान उस वक्त भारी प्रशासनिक हड़कंप मच गया जब वन विभाग की समीक्षा शुरू हुई। इतने बड़े जिला स्तरीय शिविर से डीएफओ (DFO) और एसडीओ (SDO) तो गायब थे ही, रेंजर भी नदारद थे। विभाग का नाम पुकारे जाने पर सिर्फ एक डिप्टी रेंजर खड़े हुए।

जब सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने उनसे पूछा कि “रेंजर कहां हैं?” तो डिप्टी रेंजर का जवाब था—“नहीं मालूम सर।” लापरवाही का यह आलम देखकर सांसद बेहद नाराज हो गए और उन्होंने मौके पर मौजूद प्रशासनिक अफसरों को रेंजर को तत्काल सस्पेंड करने के निर्देश जारी कर दिए।


गायब सर्विस बुक और हाईटेंशन तार पर त्वरित निर्देश

शिविर में कई गंभीर जनसमस्याएं भी सामने आईं:

  • दम्मानी कॉलोनी के निवासियों ने बस्ती के ऊपर से गुजर रहे हाईटेंशन बिजली तार को हटाने की प्रमुख मांग रखी।
  • सेवानिवृत्त पटवारी अजय उपाध्याय ने शिकायत की कि उनकी सेवा पुस्तिका (सर्विस बुक) गायब हो गई है, जिसके कारण उन्हें पेंशन नहीं मिल पा रही है।

इन दोनों ही संवेदनशील मामलों पर त्वरित संज्ञान लेते हुए सांसद अग्रवाल ने मौके पर मौजूद एसडीएम (SDM) रवि सिंह को समय-सीमा के भीतर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।


कन्या शाला को 10 लाख की सौगात, अवैध कब्जे हटाने का फरमान

सांस्कृतिक और शैक्षणिक विकास को बढ़ावा देते हुए सांसद ने कन्या शाला के लिए 5 लाख रुपये और लड़कियों के अखाड़े के लिए 5 लाख रुपये (कुल 10 लाख रुपये) देने की बड़ी घोषणा की। इसके साथ ही, उन्होंने शास. हरिहर हाई स्कूल की जमीन को तत्काल स्कूल के नाम दर्ज करने और स्कूल के आसपास फैले सभी अवैध कब्जों को तुरंत हटाने के लिए एसडीएम को आदेशित किया।


हितग्राहियों को सहायता और भगवान राजीव लोचन का प्रसाद

सुशासन तिहार में बड़ी संख्या में पहुंचे नागरिकों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ दिया गया। दिव्यांगजनों को ट्राइसाइकिल बांटी गई, साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना व अन्य कल्याणकारी योजनाओं के स्वीकृति पत्र सौंपे गए। कार्यक्रम के दौरान भाजपा नेता राजू जितेंद्र सोनकर ने सांसद को भगवान श्री राजीव लोचन का विशेष प्रसाद ‘पीड़िया’ भेंट किया, जिसे उन्होंने मस्तक से लगाकर स्वीकार किया।


नवापारा में हुए 18 करोड़ के विकास कार्य: विधायक इंद्रकुमार साहू

इस अवसर पर अभनपुर विधायक इंद्रकुमार साहू ने संबोधित करते हुए कहा कि सुशासन तिहार का मुख्य उद्देश्य सरकार की योजनाओं को सीधे जनता तक पहुंचाना है। उन्होंने बताया कि पिछले ढाई वर्षों में नवापारा क्षेत्र में 18 करोड़ रुपये के विकास कार्य कराए जा चुके हैं और आज 2 करोड़ रुपये के नए कार्यों का भूमिपूजन किया गया है। क्षेत्र में 490 लोगों के प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत हुए हैं, जिनमें से अधिकांश बनकर तैयार हैं।

इनकी रही गरिमामय उपस्थिति: कार्यक्रम का स्वागत भाषण एसडीएम रवि सिंह और पालिका अध्यक्ष ओमकुमारी साहू ने दिया। इस दौरान प्रदेश भाजपा कार्यालय मंत्री अशोक बजाज, विजय गोयल, जितेंद्र सोनकर, नागेंद्र वर्मा, पालिका उपाध्यक्ष भूपेंद्र सोनी, एसडीओ राजीव वैद्य, सीएमओ लवकेश पैकरा सहित भारी संख्या में जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और शहरवासी मौजूद रहे।

Related Posts

कवर्धा शहर में तेंदुआ दिखने से हड़कंप, अस्पताल की पार्किंग में पहुंचा; वन विभाग का रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

कवर्धा। छत्तीसगढ़ के कवर्धा शहर में सोमवार रात तेंदुआ दिखाई देने की सूचना से…

बिलासपुर के स्कूल में प्राचार्य-शिक्षक विवाद, नुकसान पहुंचाने के लिए सुपारी देने का आरोप; कथित ऑडियो से मचा हड़कंप

बिलासपुर। जिले के कोटा थाना क्षेत्र स्थित शासकीय हाईस्कूल धौराभाठा में प्राचार्य…

बहेरामुड़ा स्कूल के शिक्षक का वीडियो वायरल, नशे की हालत में पहुंचने का आरोप; 10 महीने से वेतन नहीं मिलने का दावा

कोटा। बिलासपुर जिले के कोटा क्षेत्र के बहेरामुड़ा स्थित प्राथमिक शाला विद्या…

बस्तर में दिव्यांगजनों और IED पीड़ितों के लिए विशेष महाअभियान, जगदलपुर-दंतेवाड़ा में लगेंगे शिविर

रायपुर। बस्तर संभाग में दिव्यांगजनों और IED विस्फोटों के पीड़ितों को राहत एवं…

1 of 478