सुकमा। छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग में नक्सल विरोधी अभियान के तहत सुरक्षाबलों को एक और बड़ी सफलता मिली है। सुकमा जिले के गोगुंडा पहाड़ पर जवानों ने खूंखार नक्सली कमांडर और सेंट्रल कमेटी (CC) मेंबर रमन्ना के 20 फीट ऊंचे स्मारक को ध्वस्त कर दिया।
4वीं बटालियन के सहायक कमांडेंट ने बताया कि गोगुंडा का यह इलाका लंबे समय तक नक्सलियों के नियंत्रण में था, लेकिन अब सुरक्षा बलों ने इसे मुख्य अभियान क्षेत्र बना लिया है। स्मारक ध्वस्त होने के साथ ही नक्सल नेटवर्क को गंभीर झटका लगा है।
सुरक्षा बलों ने क्षेत्र में अग्रिम परिचालन बेस स्थापित किया है, जहाँ बिजली, पानी की सुविधा, स्कूल भवन और हेलीपैड का निर्माण भी किया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि इस अभियान से न सिर्फ नक्सली गतिविधियों पर नियंत्रण हुआ है, बल्कि क्षेत्रवासियों के लिए विकास और सुरक्षा का मार्ग भी साफ होगा।
सुरक्षा बलों की यह कार्रवाई आने वाली पीढ़ी के लिए उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।










