Trendingछत्तीसगढबड़ी खबर

छत्तीसगढ़ में आम नागरिकों के लिए बड़ी राहत: चार नए उप पंजीयक कार्यालयों की स्वीकृति

रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने आम नागरिकों को रजिस्ट्री एवं पंजीयन से जुड़ी सेवाएं अधिक सुलभ, आसान और समयबद्ध बनाने के लिए चार नए उप पंजीयक कार्यालय खोलने का अहम निर्णय लिया है। यह कार्यालय भखारा (धमतरी), लवन (बलौदाबाजार-भाटापारा), सकरी और राजकिशोर नगर (बिलासपुर) में खोले जाएंगे।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बताया कि नए कार्यालयों के खुलने से लोगों को जिला मुख्यालय तक लंबी दूरी तय नहीं करनी पड़ेगी। इससे समय और धन की बचत होगी, भीड़ कम होगी और पंजीयन प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और सुगम बनेगी।

वित्त एवं वाणिज्य कर पंजीयन मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि सरकार नागरिक सुविधाओं के विस्तार को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। नए उप पंजीयक कार्यालयों की स्थापना से पंजीयन व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी और नागरिकों को क्षेत्र में ही गुणवत्तापूर्ण सेवाएं मिल सकेंगी।

पंजीयन विभाग ने हाल ही में 10 क्रांतिकारी सुधार लागू किए हैं, जिनमें ऑटो डीड जनरेशन, आधार आधारित बायोमेट्रिक सत्यापन, घर बैठे रजिस्ट्री, डिजीलॉकर एकीकरण, व्हाट्सएप आधारित सेवाएं, ऑनलाइन भारमुक्त प्रमाणपत्र और खसरा नंबर के माध्यम से ऑनलाइन सर्च एवं रजिस्ट्री डाउनलोड जैसी सुविधाएं शामिल हैं।

इन सुधारों और नए कार्यालयों के साथ राज्य की पंजीयन व्यवस्था अधिक विकेंद्रीकृत, प्रभावी और नागरिक-मैत्रीपूर्ण बनने की दिशा में एक बड़ा कदम उठा रही है।


Related Posts

1 of 472