रायपुर। छत्तीसगढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ऑनलाइन सट्टा सिंडिकेट के कथित सरगना बाबू खेमानी को मुंबई के एक होटल से गिरफ्तार कर रायपुर लाया है। पुलिस ने मामले का खुलासा प्रेस कॉन्फ्रेंस के माध्यम से किया।
तीन राज्यों में क्राइम ब्रांच की दबिश
पुलिस के अनुसार आरोपी की तलाश में क्राइम ब्रांच की टीमें तीन अलग-अलग राज्यों में सक्रिय थीं। लंबे ऑपरेशन के बाद आरोपी को मुंबई से दबोचा गया और रायपुर लाया गया, जहां उससे पूछताछ जारी है।
‘ट्रिपल स्टम्प’ एप का मास्टरमाइंड
जांच में सामने आया है कि बाबू खेमानी पिछले करीब दो साल से तीन अलग-अलग ऑनलाइन एप के जरिए सट्टा कारोबार चला रहा था। वह ‘ट्रिपल स्टम्प’ नामक एप का मुख्य संचालक बताया जा रहा है।
म्यूल अकाउंट और बड़े नेटवर्क का खुलासा
पुलिस ने बताया कि इस पूरे नेटवर्क में म्यूल अकाउंट्स का इस्तेमाल किया जा रहा था, जिससे पैसों के लेन-देन को छिपाया जा सके। जांच में कई संदिग्ध बैंक खातों की भी जानकारी सामने आई है।
लग्जरी लाइफस्टाइल और विदेश कनेक्शन
पुलिस के मुताबिक आरोपी के पास से बीएमडब्ल्यू कार, अन्य वाहन और मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। यह भी खुलासा हुआ है कि बाबू खेमानी ट्रेडिंग सीखने के लिए दुबई जा चुका है और उसके विदेश कनेक्शन की भी जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी ने पिछले एक साल में लगभग 2 से 3 करोड़ रुपये की अवैध कमाई की है।
भाई भी नेटवर्क में शामिल, फरार
पुलिस ने बताया कि आरोपी का भाई करण खेमानी भी इस पूरे सट्टा नेटवर्क में शामिल है, जो फिलहाल फरार चल रहा है। उसकी तलाश में टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
जांच जारी, और बड़े खुलासों की संभावना
फिलहाल पुलिस इस पूरे ऑनलाइन सट्टा सिंडिकेट की गहराई से जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि आने वाले दिनों में और भी बड़े खुलासे हो सकते हैं।










