Trendingछत्तीसगढबड़ी खबर

रायपुर में लिफ्ट सुरक्षा पर सवाल: दो दिनों में दूसरा बड़ा हादसा, IAS अधिकारी की पत्नी 20 मिनट तक फंसी

रायपुर। राजधानी रायपुर की बहुमंजिला इमारतों में लिफ्ट सुरक्षा को लेकर गंभीर लापरवाही सामने आ रही है। वीआईपी रोड स्थित करेंसी टॉवर में वरिष्ठ आईएएस अधिकारी के फंसने की घटना के बाद अब फाफाडीह स्थित पिथालिया कॉम्प्लेक्स में एक और मामला सामने आया है, जहां एक आईएएस अधिकारी की पत्नी 15 से 20 मिनट तक लिफ्ट में फंसी रहीं।

मिली जानकारी के अनुसार, आईएएस अधिकारी सिद्धार्थ कोमल परदेशी की पत्नी गार्गी परदेशी निजी काम से पिथालिया कॉम्प्लेक्स पहुंची थीं। लिफ्ट का उपयोग करते समय अचानक तकनीकी खराबी आ गई और लिफ्ट बीच में ही अटक गई। दरवाजा न खुलने से वे अंदर फंस गईं और घबरा गईं। उन्होंने मोबाइल के जरिए सूचना दी, जिसके बाद मौके पर पहुंचे सुरक्षा कर्मियों और तकनीशियनों ने काफी मशक्कत के बाद उन्हें सुरक्षित बाहर निकाला।

पहले भी हो चुका है ऐसा हादसा
इससे पहले वीआईपी रोड स्थित करेंसी टॉवर में वरिष्ठ आईएएस (ACS) ऋचा शर्मा भी करीब 20 मिनट तक लिफ्ट में फंसी रही थीं। उस घटना में सामने आया था कि लिफ्ट का इमरजेंसी अलार्म काम नहीं कर रहा था और अंदर मोबाइल नेटवर्क भी नहीं मिल रहा था। खराब वेंटिलेशन और अंधेरे के कारण उनकी तबीयत बिगड़ गई थी।

मेंटेनेंस पर उठ रहे सवाल
लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं ने शहर की बड़ी कमर्शियल इमारतों में लिफ्ट मेंटेनेंस की पोल खोल दी है। हाई-प्रोफाइल मामलों के बाद आम लोगों में भी डर का माहौल है। लोगों ने नगर निगम और संबंधित विभागों से सख्त कार्रवाई और लिफ्ट सेफ्टी ऑडिट की मांग की है।

प्रशासन की चुप्पी
अब तक प्रशासन की ओर से कोई ठोस कार्रवाई सामने नहीं आई है। हालांकि, लगातार बढ़ते मामलों के बीच उम्मीद की जा रही है कि जल्द ही जिम्मेदारों पर कार्रवाई होगी और लिफ्ट सुरक्षा को लेकर कड़े नियम लागू किए जाएंगे।

Related Posts

छत्तीसगढ़ में बिजली की दरों और स्मार्ट मीटर पर सियासी घमासान, सड़क से सदन तक सरकार को घेरेगी कांग्रेस

छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने राज्य की भाजपा सरकार पर जनता की…

1 of 378