Trendingदेशबड़ी खबर

सनसनीखेज डबल मर्डर का खुलासा, सुपारी देकर रची पिता और मां की हत्या की साजिश, बेटा बोला- ‘तुरंत काटकर भाग जाएंगे’, 5 आरोपी अरेस्ट

भोपाल: मध्यप्रदेश के अनूपपुर जिले के लखनपुर गांव में हुई दिल दहला देने वाली दोहरी हत्या की वारदात ने पूरे इलाके को हिला कर रख दिया है। पुलिस ने इस मामले का खुलासा करते हुए चौंकाने वाली जानकारी दी है कि हत्या का मास्टरमाइंड कोई और नहीं बल्कि मृतक का सौतेला बेटा आलोक उर्फ सूरज पटेल (18) था। आलोक ने संपत्ति विवाद और पारिवारिक भेदभाव से नाराज होकर अपने पिता राजेंद्र पटेल (40) और सौतेली मां रूपा पटेल की हत्या के लिए 5 लाख रुपये की सुपारी दी थी।

इस साजिश में आलोक के साथ चार अन्य आरोपी शामिल थे, जिनमें दो नाबालिग लड़के भी थे। हत्या की वारदात 9-10 दिसंबर की रात को अंजाम दी गई, जिसमें राजेंद्र पटेल और घरेलू नौकरानी सीमा बैगा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि रूपा पटेल गंभीर रूप से घायल हो गईं और अभी अस्पताल में जीवन-मृत्यु से जूझ रही हैं। पुलिस ने सभी पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस जांच से पता चला है कि आलोक अपने पिता और सौतेली मां से लंबे समय से नाराज था। राजेंद्र पटेल ने अपनी पहली पत्नी को छोड़कर रूपा से दूसरी शादी की थी। आलोक पहली पत्नी का बेटा था और उसे बचपन से ही भेदभाव का शिकार होना पड़ता था। पिता अक्सर डांटते और कहते थे कि सारी जमीन-जायदाद छोटे बेटे आयुष (8 साल) को मिलेगी। हाल ही में 25 नवंबर को आलोक के 18वें जन्मदिन पर दोस्तों के साथ बाहर जाने को लेकर पिता ने उसे थप्पड़ मारा था, जिससे वह और ज्यादा गुस्से में आ गया।

नाराजगी इतनी बढ़ गई कि आलोक ने हत्या की साजिश रच डाली। उसने अपने 16 साल के दो नाबालिग दोस्तों से संपर्क किया और हत्यारों की तलाश शुरू की। दिसंबर की शुरुआत में ही 5 लाख रुपये में डील फाइनल हो गई। आलोक ने हत्यारों को केवल 300 रुपये एडवांस दिए थे पेट्रोल भरवाने के लिए और वादा किया था कि ट्रैक्टर बेचकर बाकी पैसे देगा।

हत्या की योजना के मुताबिक, आरोपी कुल्हाड़ी, वसूला (एक तरह का हथियार), लाठी और सिलबट्टे का भारी पत्थर लेकर आए थे। वे मोटरसाइकिल पर सवार होकर गांव पहुंचे और सोते हुए परिवार पर हमला कर दिया। राजेंद्र और रूपा खुले बरामदे में सो रहे थे क्योंकि घर का पक्का निर्माण चल रहा था। हमले में राजेंद्र और नौकरानी सीमा की मौत हो गई, जबकि रूपा किसी तरह बच गईं लेकिन उनकी हालत बेहद नाजुक है। आरोपियों ने गलती से सीमा को भी मार डाला।

वारदात के बाद आलोक ने खुद को बेकसूर साबित करने की पूरी कोशिश की। उसने पुलिस को बताया कि वह रात 11 बजे ट्रैक्टर लेकर खेत जोतने गया था और सुबह लौटा तो पिता खून से लथपथ मिले। नौकरानी का शव बिस्तर पर था और मां गंभीर घायल। छोटा भाई आयुष अंदर सो रहा था, उसे कुछ पता नहीं। आलोक ने पड़ोसियों को सूचना दी और रूपा को अस्पताल पहुंचवाया। रूपा को पहले अनूपपुर, फिर शहडोल और अंत में जबलपुर रेफर किया गया, लेकिन वह अभी बयान देने की हालत में नहीं हैं।

हालांकि, आलोक के बदलते बयानों से पुलिस को शक हुआ। कड़ी पूछताछ में उसने जुर्म कबूल कर लिया। इसके बाद पुलिस ने दो नाबालिगों को पकड़ा और फिर अन्य आरोपियों तक पहुंची। मुख्य हत्यारे देवेंद्र सोनवानी (18, राजेंद्रग्राम निवासी) और सक्षम केशरवानी (18, छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले से) को भी गिरफ्तार किया गया।

अनूपपुर एसपी मोती उर रहमान ने बताया कि अपराध की बेरहमी देखकर रोंगटे खड़े हो जाते हैं। एक सम्मानित परिवार में ऐसा जघन्य कांड चौंकाने वाला है। सभी आरोपी हिरासत में हैं और आगे की जांच जारी है।

Related Posts

दतिया विधानसभा उपचुनाव में भाजपा को बड़ा झटका, कांग्रेस के घनश्याम सिंह 6000 से ज्यादा वोटों से जीते

मध्य प्रदेश की दतिया विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव का परिणाम सोमवार को सामने आ गया…

डोंगरगढ़ में खूनी संघर्ष: प्रेम प्रसंग के चलते युवक पर चाकू से जानलेवा हमला, गंभीर हालत में रायपुर रेफर

डोंगरगढ़ (छत्तीसगढ़): छत्तीसगढ़ की धर्म नगरी डोंगरगढ़ में रविवार देर रात एक…

छत्तीसगढ़ में फिर बदला मौसम का मिजाज, 5 जिलों में ऑरेंज अलर्ट; रायपुर समेत कई जिलों में येलो अलर्ट

रायपुर। छत्तीसगढ़ में एक बार फिर मौसम सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग ने प्रदेश के…

1 of 436