बलौदाबाजार, 10 जून। जिले के ग्राम संडी में शराब कारोबार से जुड़े एक कथित गोरखधंधे का मामला सामने आया है। ग्रामीणों की सतर्कता से हुए इस खुलासे के बाद आबकारी विभाग ने कार्रवाई करते हुए एक शराब दुकान के सेल्समैन सहित तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।
मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार देर रात ग्रामीणों ने शराब दुकान के पास दो युवकों को झोले में शराब ले जाते हुए पकड़ा। पूछताछ में युवकों ने बताया कि वे शराब दुकान के सेल्समैन सूरज टंडन के घर से शराब लेकर आ रहे हैं और इसे दुकान में रखा जाना था।
युवकों के बयान के बाद ग्रामीण सीधे सेल्समैन के घर पहुंचे। वहां बड़ी मात्रा में खाली शराब की बोतलें, विभिन्न ब्रांडों के स्टीकर, ढक्कन तथा शराब तैयार करने में इस्तेमाल होने वाली संदिग्ध सामग्री बिखरी हुई मिली। यह देखकर ग्रामीणों में आशंका बढ़ गई कि कहीं लंबे समय से नकली या मिलावटी शराब तैयार कर ग्राहकों तक तो नहीं पहुंचाई जा रही थी।
ग्रामीणों की सूचना पर आबकारी विभाग की टीम ने देर रात मौके पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान सेल्समैन सूरज टंडन समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया। विभाग ने मौके से भारी मात्रा में खाली शीशियां, संदिग्ध सामग्री और शराब निर्माण में उपयोग होने वाले उपकरण जब्त किए हैं।
घटना के बाद कई सवाल खड़े हो गए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते यह मामला उजागर नहीं होता, तो यह कथित खेल और लंबे समय तक चलता रहता। अब जांच का केंद्र यह है कि क्या इस मामले में केवल सेल्समैन की भूमिका थी या इसके पीछे कोई बड़ा नेटवर्क भी सक्रिय था। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि शराब दुकान तक सामग्री कैसे पहुंच रही थी और इसकी निगरानी किसके जिम्मे थी।
आबकारी विभाग ने मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद पूरे नेटवर्क और जिम्मेदार लोगों के बारे में स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी।










