रायगढ़; रायगढ़ जिले के तमनार कोल ब्लॉक से जुड़े मामले को लेकर सोमवार को ग्रामीणों का आक्रोश उग्र हो गया। सीएचपी चौक पर धरने पर बैठे ग्रामीणों को हटाने पहुंची पुलिस टीम पर प्रदर्शनकारियों ने हमला कर दिया। इस घटना में तमनार थाना प्रभारी टीआई कमला पुसाम गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, धरना हटाने की कार्रवाई के दौरान एक प्रदर्शनकारी के सड़क हादसे में घायल होने की खबर फैलते ही ग्रामीण भड़क उठे। देखते ही देखते हालात बेकाबू हो गए और प्रदर्शनकारियों ने पुलिस टीम पर पथराव शुरू कर दिया। इस दौरान मौके पर खड़ी “जिंदगी की बस” में भी जमकर तोड़फोड़ की गई।
घटना की सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया गया। घायल टीआई कमला पुसाम को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद से इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है।
पुलिस प्रशासन ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है और लोगों से शांति व कानून व्यवस्था बनाए रखने की अपील की है। मामले की जांच जारी है और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की बात कही जा रही है।










