छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में खाद्य विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए शादी-ब्याह के सीजन में खपाए जाने के लिए बनाए जा रहे नकली यानी एनालॉग पनीर पर छापा मारा है। भाठागांव और उरला स्थित दो डेयरी फैक्ट्रियों पर की गई इस कार्रवाई में 1000 किलो से अधिक पनीर नष्ट कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, खाद्य एवं औषधि प्रशासन की विशेष टीम ने भाठागांव के केएलपी मिल्क एंड प्रोडक्ट और उरला के एसजे मिल्क एंड डेयरी प्रोडक्ट में दबिश दी। जांच के दौरान भाठागांव यूनिट में 540 किलो और उरला यूनिट में करीब 500 किलो पनीर जब्त किया गया।
निरीक्षण में फैक्ट्रियों के भीतर साफ-सफाई की स्थिति बेहद खराब पाई गई और पनीर निर्माण की प्रक्रिया भी संदिग्ध मिली। इसके बाद भाठागांव फैक्ट्री में उत्पादन तत्काल बंद कर दिया गया और लाइसेंस निलंबित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है, जबकि उरला फैक्ट्री को सुधार के लिए नोटिस जारी किया गया है।
जब्त किए गए पनीर को सुरक्षित स्थान पर ले जाकर नष्ट कर दिया गया। दोनों मामलों में नमूने जांच के लिए भेजे गए हैं, जिनकी रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि शादी के सीजन में पनीर की मांग बढ़ने के कारण कुछ डेयरी संचालक सस्ते और मिलावटी तरीके से एनालॉग पनीर तैयार कर रहे थे, जो स्वास्थ्य के लिए हानिकारक हो सकता है। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है और खाद्य विभाग ने साफ किया है कि मिलावटखोरी पर आगे भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।










