कोंडागांव। कोंडागांव जिले के बड़े राजपुर तहसील अंतर्गत ग्राम पंचायत किबड़ा में दो सगे भाई-बहन की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। इस घटना से पूरे गांव में शोक और दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार रविवार सुबह कलेश्वरी शोरी (17), चैतन शोरी (14) और कुमारी चिंता शोरी (12) को अचानक पेट दर्द और दस्त की शिकायत हुई। परिजनों ने पहले स्थानीय स्तर पर इलाज कराया, लेकिन स्थिति में सुधार नहीं होने पर उन्हें जिला अस्पताल कोंडागांव ले जाने का निर्णय लिया गया।
इस दौरान छोटी बहन चिंता की हालत में सुधार होने पर उसे घर पर छोड़ दिया गया, जबकि कलेश्वरी और चैतन को इलाज के लिए ले जाया गया। रास्ते में ग्राम बड़बतर के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में कलेश्वरी की हालत बिगड़ने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
इसके बाद चैतन को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां कुछ घंटों बाद उसकी भी मौत हो गई। महज चार घंटे के भीतर दो सगे भाई-बहन की मौत से पूरे इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
फिलहाल दोनों मौतों के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा मामले की जांच की जा रही है।










