रायपुर। शहीद वीर नारायण सिंह स्टेडियम में बुधवार को Royal Challengers Bengaluru और Kolkata Knight Riders के बीच अहम मुकाबला खेला जाना है, लेकिन इस मैच को लेकर क्रिकेट प्रेमियों में अपेक्षित उत्साह नजर नहीं आ रहा है।
10 मई को आरसीबी और Mumbai Indians के मुकाबले के दौरान टिकटों के लिए जबरदस्त मारामारी देखने को मिली थी। उस मैच के 2500 से 5000 रुपये तक के टिकट कुछ ही मिनटों में बिक गए थे, लेकिन इस बार स्थिति बिल्कुल अलग दिखाई दे रही है।
आरसीबी की आधिकारिक वेबसाइट के अनुसार, मैच शुरू होने में कुछ ही घंटे शेष रहने के बावजूद हजारों टिकट अब भी उपलब्ध हैं। स्टेडियम के 8 स्टैंड पूरी तरह नहीं भर पाए हैं। सबसे ज्यादा खाली सीटें ‘सन फार्मा’ स्टैंड में हैं, जहां 5 हजार से अधिक सीटें अब तक नहीं बिकी हैं। वहीं ‘नथिंग’ और ‘एनएसई’ स्टैंड्स में भी केवल करीब 10 प्रतिशत सीटों की ही बिक्री हो पाई है।
टिकट दलालों की बढ़ी परेशानी
दर्शकों की कम रुचि का असर टिकटों की कालाबाजारी पर भी साफ दिखाई दे रहा है। अधिक मुनाफे की उम्मीद में पहले से बड़ी संख्या में टिकट खरीदकर बैठे दलाल अब परेशान नजर आ रहे हैं। मांग घटने के कारण उन्हें अब टिकट मूल कीमत पर बेचने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।
सूत्रों के मुताबिक, कई टिकट विक्रेता सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर डिस्काउंट ऑफर देकर टिकट बेचने की कोशिश कर रहे हैं। लोग अलग-अलग पेजों और पोस्ट पर कम रेट में टिकट उपलब्ध कराने के दावे कर रहे हैं, ताकि उनका फंसा पैसा वापस निकल सके।
महंगे टिकटों के खरीदार नहीं
टिकट बिक्री के आंकड़ों के अनुसार, 2500 और 3500 रुपये वाले टिकट लगभग बिक चुके हैं और इनमें केवल 50 से 100 सीटें ही शेष हैं। हालांकि 8 हजार से 15 हजार रुपये तक की प्रीमियम सीटों की मांग बेहद कम है। बड़ी संख्या में महंगे टिकट अब भी खाली पड़े हैं।
अगर मैच शुरू होने तक टिकटों की बिक्री नहीं बढ़ी, तो लाइव प्रसारण के दौरान स्टेडियम के कई बड़े स्टैंड खाली नजर आ सकते हैं, जिससे मुकाबले का माहौल और रोमांच प्रभावित हो सकता है।










