छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले के बतौली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में मरीजों से अवैध वसूली और अव्यवस्था को लेकर बड़ा विवाद सामने आया है। मामले के उजागर होने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने डॉक्टर को कारण बताओ नोटिस जारी कर तीन दिनों के भीतर जवाब मांगा है।
जानकारी के अनुसार, बतौली CHC में ओपीडी में पदस्थ डॉक्टर हेमंत गुप्ता पर इलाज और दवाइयों के नाम पर मरीजों से पैसे लेने का आरोप है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में डॉक्टर को मरीज से ली गई रकम वापस करते और माफी मांगते हुए देखा जा सकता है, जिसके बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
सीएमएचओ डॉ. प्रेम सिंह मार्को ने बताया कि मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित डॉक्टर को शो-कॉज नोटिस जारी किया गया है। यदि जवाब संतोषजनक नहीं मिला तो विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि डॉक्टर अपनी पहुंच का हवाला देकर मरीजों को डराते भी थे। गरीब मरीजों से पैसे लेने के आरोपों ने सरकारी स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
वहीं, इस पूरे मामले में नया मोड़ तब आया जब डॉक्टर ने खुद के खिलाफ खबर चलाने वाले पत्रकारों के खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज कराई। डॉक्टर का आरोप है कि उन्हें बदनाम किया गया, जबकि वीडियो में वह खुद पैसे लेते और लौटाते नजर आ रहे हैं।
मामले के सामने आने के बाद डॉक्टर हेमंत गुप्ता छुट्टी पर चले गए हैं। आरोप है कि वे कार्रवाई से पहले बचाव की रणनीति बनाने में जुटे हैं।
बताया जा रहा है कि बतौली CHC पहले से ही डॉक्टरों की कमी से जूझ रहा है और 42 ग्राम पंचायतों की स्वास्थ्य सेवाएं इसी केंद्र पर निर्भर हैं। ऐसे में इस तरह की घटना ने स्वास्थ्य व्यवस्था की स्थिति पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
फिलहाल, वीडियो जैसे ठोस सबूत सामने होने के बावजूद कार्रवाई का इंतजार है और लोगों में नाराजगी बनी हुई है।









