Trendingछत्तीसगढबड़ी खबर

CG NEWS- हवाई यात्रियों को झटका: इंडिगो ने बढ़ाया बैगेज शुल्क, अतिरिक्त सामान ले जाना हुआ महंगा

रायपुर। हवाई यात्रा करने वाले यात्रियों की जेब पर एक बार फिर अतिरिक्त बोझ बढ़ गया है। घरेलू विमान सेवाओं में अग्रणी कंपनी IndiGo ने अतिरिक्त लगेज शुल्क में भारी बढ़ोतरी कर दी है। नई दरों के अनुसार घरेलू उड़ानों में बैगेज चार्ज में करीब 59 प्रतिशत तक वृद्धि की गई है, जबकि अंतरराष्ट्रीय उड़ानों में अतिरिक्त सामान पर लगने वाला शुल्क पहले की तुलना में तीन गुना से अधिक बढ़ा दिया गया है।

यात्रियों को उड़ान के दौरान 15 किलोग्राम तक सामान निःशुल्क ले जाने की सुविधा मिलती है। इससे अधिक वजन होने पर अतिरिक्त शुल्क देना पड़ता है। नई दरों के लागू होने के बाद ज्यादा सामान के साथ यात्रा करना यात्रियों के लिए महंगा साबित होगा।

15 किलो के बाद बढ़ा शुल्क

ट्रैवल कारोबार से जुड़े विशेषज्ञों के अनुसार, पहले 15 किलो से अधिक वजन होने पर अतिरिक्त 3 किलो सामान के लिए 975 रुपये शुल्क देना पड़ता था, जिसे बढ़ाकर 1650 रुपये कर दिया गया है। इसी प्रकार सामान का वजन बढ़ने के साथ शुल्क में भी बढ़ोतरी की गई है।

रायपुर के स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट से प्रतिदिन 30 से अधिक घरेलू उड़ानों का संचालन होता है, जिससे बड़ी संख्या में यात्रियों पर इस बढ़ोतरी का असर पड़ सकता है।

अंतरराष्ट्रीय यात्रियों पर भी बढ़ा भार

अंतरराष्ट्रीय उड़ानों में अतिरिक्त सामान पर पहले 100 रुपये प्रति किलो शुल्क लिया जाता था। नवंबर में इसे बढ़ाकर 200 रुपये प्रति किलो किया गया था, जबकि अब जून से यह शुल्क बढ़ाकर 625 रुपये प्रति किलो कर दिया गया है। निर्धारित सीमा से अधिक सामान ले जाने वाले यात्रियों को अब पहले की तुलना में काफी अधिक भुगतान करना होगा।

घरेलू उड़ानों में नई बैगेज दरें

अतिरिक्त वजनपहले शुल्कनया शुल्क
3 किलो₹975₹1650
5 किलो₹1625₹2750
10 किलो₹3250₹5495
20 किलो₹6500₹9990
25 किलो₹8125₹12500
30 किलो₹9750₹14985
40 किलो₹13000₹19200

यात्रियों की बढ़ेगी चिंता

विशेषज्ञों का मानना है कि विमान किराए में उतार-चढ़ाव के अलावा लगेज शुल्क में लगातार हो रही बढ़ोतरी यात्रियों के यात्रा बजट को प्रभावित करेगी। खासकर उन यात्रियों को ज्यादा परेशानी होगी जो व्यवसाय, शिक्षा या पारिवारिक कारणों से अधिक सामान लेकर यात्रा करते हैं। नई दरों के बाद अतिरिक्त लगेज के साथ हवाई सफर पहले की तुलना में काफी महंगा हो जाएगा।

Related Posts

1 of 480