रायपुर। सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर है। छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल ने समूह-2 तृतीय श्रेणी (स्नातकोत्तर एवं स्नातक स्तर) उप समूह-2 के विभिन्न पदों पर भर्ती परीक्षा की तारीख घोषित कर दी है। लिखित परीक्षा 10 जनवरी 2027 को आयोजित की जाएगी। इस भर्ती में सबसे ज्यादा पद सहायक ग्रेड-3 के हैं, जिससे बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों को सरकारी नौकरी का अवसर मिलेगा।
सहायक ग्रेड-3 के 1206 पद
भर्ती प्रक्रिया के तहत सहायक ग्रेड-3 के 1,206 पदों पर नियुक्ति की जाएगी। इसके अलावा स्टेनो, शीघ्रलेखक, डाटा एंट्री ऑपरेटर, पंजीयन लिपिक और सहायक उप निरीक्षक सहित विभिन्न पदों को भी भर्ती में शामिल किया गया है।
पदों के अनुसार सहायक उप निरीक्षक-अ (जिला इकाई संवर्ग) के 279 पद, पंजीयन लिपिक के 50 पद, सहायक उप निरीक्षक-अ (सामान्य शाखा) के 40 पद और उप निरीक्षक-अ (शीघ्रलेखक) सामान्य शाखा हिंदी के 34 पद शामिल हैं।
ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया जल्द
भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल के पोर्टल cgssb.cgstate.gov.in के माध्यम से किए जाएंगे। आवेदन प्रक्रिया कब शुरू होगी और इसकी अंतिम तिथि क्या होगी, इसकी विस्तृत जानकारी मंडल द्वारा अलग से जारी की जाएगी।
मंडल की ओर से भर्ती से संबंधित नियम एवं शर्तें, पदवार पात्रता, पाठ्यक्रम, ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया और परीक्षा संचालन से जुड़े निर्देश आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध कराए जाएंगे।
आवेदन से पहले पात्रता जरूर जांचें
अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि आवेदन करने से पहले भर्ती का विस्तृत विज्ञापन ध्यान से पढ़ें और पद के अनुसार अपनी शैक्षणिक योग्यता व पात्रता की जांच कर लें। सहायक ग्रेड-3 के 1,206 पद होने के कारण यह भर्ती छत्तीसगढ़ में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए महत्वपूर्ण अवसर मानी जा रही है।
परीक्षा तिथि: 10 जनवरी 2027
आवेदन: ऑनलाइन
आधिकारिक पोर्टल: cgssb.cgstate.gov.in










