रायपुर। पुरानी पेंशन योजना (OPS) लागू करने की मांग को लेकर बिजली कंपनी के अधिकारी-कर्मचारियों ने सोमवार को राजधानी रायपुर में बड़ा शक्ति प्रदर्शन किया। विद्युत अधिकारी-कर्मचारी पुरानी पेंशन अधिकार मंच के नेतृत्व में 12 संगठनों ने महारैली और आमसभा का आयोजन किया। इसमें प्रदेशभर से बड़ी संख्या में अधिकारी-कर्मचारी शामिल हुए।
महारैली के दौरान प्रदर्शनकारियों ने सरकार और पावर कंपनी प्रबंधन से स्पष्ट कहा कि अब उन्हें सिर्फ आश्वासन नहीं, बल्कि पुरानी पेंशन योजना लागू करने का अंतिम लिखित आदेश चाहिए। प्रदर्शन के दौरान “पुरानी पेंशन हमारा अधिकार है- लेकर रहेंगे” और “आश्वासन नहीं, अब आदेश चाहिए” जैसे नारे गूंजते रहे।
6 अक्टूबर 2023 की सहमति के बाद भी आदेश लंबित
मंच के पदाधिकारियों ने बताया कि 6 अक्टूबर 2023 को ऊर्जा विभाग ने विद्युत कंपनियों में पुरानी पेंशन योजना लागू करने पर सैद्धांतिक सहमति दी थी। इसके बावजूद करीब तीन साल बीतने के बाद भी अंतिम आदेश जारी नहीं किया गया है। लगातार बैठकों और सरकार की ओर से मिले आश्वासनों के बाद भी निर्णय लंबित रहने से कर्मचारियों में नाराजगी बढ़ रही है।
अभियंता संघ के महासचिव मनोज वर्मा समेत अन्य वक्ताओं ने कहा कि बिजली कर्मचारी कठिन और जोखिमपूर्ण परिस्थितियों में दिन-रात अपनी सेवाएं देते हैं। ऐसे में सेवानिवृत्ति के बाद सामाजिक सुरक्षा उनका अधिकार है। कर्मचारियों का कहना है कि वे लंबे समय से पुरानी पेंशन की मांग को लेकर आवाज उठा रहे हैं, लेकिन अब तक ठोस निर्णय नहीं हुआ है।
अंतिम आदेश जारी करने की मांग
मंच ने सरकार से मांग की है कि पुरानी पेंशन लागू करने को लेकर दी गई सैद्धांतिक सहमति को तत्काल अंतिम आदेश में बदला जाए। साथ ही योजना लागू करने के लिए समयबद्ध निर्णय लिया जाए, ताकि कर्मचारियों को उनके भविष्य की सामाजिक सुरक्षा को लेकर स्पष्टता मिल सके।
18 नवंबर को सामूहिक मास अवकाश की चेतावनी
महारैली के दौरान मंच ने आंदोलन के अगले चरण का भी ऐलान किया। पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द पुरानी पेंशन लागू करने का ठोस आदेश जारी नहीं किया गया, तो 18 नवंबर 2026 को 12 संगठनों से जुड़े सभी अधिकारी-कर्मचारी सामूहिक मास अवकाश पर रहेंगे।
मंच ने कहा कि इसके बाद भी मांग पूरी नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक करते हुए चरणबद्ध तरीके से तेज किया जाएगा। कर्मचारियों ने सरकार से टकराव के बजाय शीघ्र निर्णय लेकर वर्षों से लंबित पुरानी पेंशन की मांग को पूरा करने की अपील की है।










