धमतरी। ग्राम मोहारा में आयोजित पितर कार्यक्रम से लौट रहा एक परिवार दर्दनाक सड़क हादसे का शिकार हो गया। अरमरीकला और सनौद के बीच सड़क किनारे खड़े ट्रक से बाइक की जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में पिता और उनके 12 वर्षीय बेटे की मौत हो गई, जबकि दूसरा बेटा गंभीर हादसे में बाल-बाल बच गया। घटना के बाद ग्राम कचराबांधा में शोक का माहौल है।
कार्यक्रम से लौटते समय हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, सनौद थाना क्षेत्र के ग्राम कचराबांधा निवासी अनोन कुमार (12) अपने पिता और भाई के साथ 4 अक्टूबर को ग्राम मोहारा में आयोजित पितर कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। कार्यक्रम खत्म होने के बाद तीनों एक ही बाइक से वापस अपने गांव लौट रहे थे।
इसी दौरान अरमरीकला और सनौद के बीच उनकी बाइक सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
अस्पताल पहुंचते ही पिता-बेटे की मौत
हादसे के बाद राहगीरों ने घायलों को एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल धमतरी पहुंचाया। यहां डॉक्टरों ने पिता और उनके 12 वर्षीय बेटे अनोन कुमार को मृत घोषित कर दिया।
वहीं, दूसरे बेटे को प्राथमिक उपचार के बाद शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले में वैधानिक कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल बाइक और ट्रक को कब्जे में लेकर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
एक ही परिवार के पिता और बेटे की मौत की खबर से ग्राम कचराबांधा में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।










