अंबिकापुर। उदयपुर क्षेत्र में हाथियों की मौजूदगी के बीच मंगलवार सुबह एक 65 वर्षीय बुजुर्ग पर हाथियों ने हमला कर दिया। महेशपुर के मुंगरी तालाब के पास हुई इस घटना में मोहन कुजूर गंभीर रूप से घायल हो गए। हमले में उनकी पसली टूट गई और शरीर पर कई गंभीर चोटें आई हैं।
तालाब के पास अचानक हाथियों से हुआ सामना
जानकारी के मुताबिक, मोहन कुजूर मंगलवार सुबह करीब 7 बजे शौच के लिए घर से निकले थे। इसी दौरान मुंगरी तालाब के पास उनका सामना हाथियों के दल से हो गया। वह कुछ समझ पाते, इससे पहले हाथियों ने उन पर हमला कर दिया।
हमले के बाद बुजुर्ग किसी तरह खुद चलकर घर के नजदीक पहुंचे। घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और घायल को वाहन से सीएचसी उदयपुर ले जाया गया। अस्पताल में उनका उपचार जारी है।
26 हाथियों के दल से ग्रामीणों में चिंता
घटना के बाद आसपास के गांवों में हाथियों को लेकर चिंता बढ़ गई है। बताया जा रहा है कि क्षेत्र में करीब 26 हाथियों का दल मौजूद है। हाथियों की लगातार मौजूदगी के कारण ग्रामीणों में सुरक्षा को लेकर आशंका बनी हुई है।
वन विभाग की टीम इलाके में निगरानी कर रही है। ग्रामीणों को हाथियों से दूरी बनाए रखने और अकेले जंगल या हाथियों की आवाजाही वाले क्षेत्रों में नहीं जाने की सलाह दी जा रही है।










