Trendingछत्तीसगढबड़ी खबर

कवर्धा में मानवता शर्मसार: ससुर और सास ने बहू पर छिड़का पेट्रोल, जिंदा जलाने की कोशिश; गंभीर रूप से झुलसी महिला

कवर्धा (छत्तीसगढ़): जिले के नरोधी गांव से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां पारिवारिक विवाद के चलते एक महिला को कथित तौर पर पेट्रोल डालकर जिंदा जलाने की कोशिश की गई। इस खौफनाक वारदात में 26 वर्षीय लीला पाली गंभीर रूप से झुलस गई हैं। पीड़िता ने अपनी इस हालत के लिए अपने ससुर रूप सिंह पाली और सास कुंती पाली को जिम्मेदार ठहराया है।

न्याय के लिए दर-दर भटकने को मजबूर पीड़िता गंभीर रूप से झुलसने के बाद अपना इलाज करा रही पीड़िता लीला पाली का कहना है कि पुलिस ने घटना की एफआईआर तो दर्ज कर ली है, लेकिन नामजद आरोपियों के खिलाफ अब तक कोई गिरफ्तारी नहीं की गई है। उनके दो छोटे-छोटे बच्चे हैं। इस शारीरिक और मानसिक पीड़ा के बावजूद उन्हें न्याय पाने के लिए पुलिस अधिकारियों के चक्कर काटने पड़ रहे हैं।

एसपी से लगाई गुहार, सुरक्षा की है चिंता पीड़िता के अनुसार, उन्होंने इस मामले में कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर कबीरधाम पुलिस अधीक्षक (एसपी) को भी लिखित शिकायत दी है। आरोपियों की गिरफ्तारी न होने के कारण पीड़िता और उनके परिवार में असुरक्षा का माहौल बना हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया है कि मामले को दबाने की कोशिश की जा रही है, जिससे उन्हें भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से जल्द से जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर निष्पक्ष जांच की मांग की है।

पुलिस बोली- मामले की विवेचना जारी इस पूरे घटनाक्रम पर कबीरधाम के पुलिस अधीक्षक जितेंद्र यादव ने पुष्टि की है कि महिला की शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस द्वारा गहन विवेचना की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद सामने आए तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल, पुलिस की जांच के बाद ही घटना की सच्चाई और आरोपों की पूरी परतें साफ हो सकेंगी। वहीं, आरोपी सास-ससुर की अब तक गिरफ्तारी न होने से पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

Related Posts

1 of 479