छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले से फूड पॉइजनिंग का मामला सामने आया है। कुनकुरी विकासखंड के केराडीह गांव के बाजार में गुपचुप (पानी पूरी) खाने के बाद दर्जनों लोग बीमार पड़ गए।
जानकारी के अनुसार, 9 अप्रैल को बाजार में गुपचुप खाने के बाद लोगों को अचानक उल्टी, दस्त और बुखार की शिकायत होने लगी। हालत बिगड़ने पर सभी मरीजों को इलाज के लिए कुनकुरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जबकि कुछ अन्य का इलाज अलग-अलग अस्पतालों में जारी है।
बीएमओ कुनकुरी डॉ. के. कुजूर ने बताया कि 10 अप्रैल को मितानिन के माध्यम से मरीजों की सूचना मिली, जिसके बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने तत्काल केराडीह के डड़गांव में कैंप लगाकर मरीजों की जांच की। गंभीर मरीजों को तुरंत अस्पताल रेफर किया गया।
फिलहाल सभी मरीजों की हालत में सुधार बताया जा रहा है, लेकिन कमजोरी के कारण 8 मरीजों को अभी भी अस्पताल में निगरानी में रखा गया है।
घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड पर है और इलाके में खाद्य सुरक्षा को लेकर जांच शुरू कर दी गई है, ताकि इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।










