Trendingछत्तीसगढबड़ी खबर

महिला सरपंच को ‘नौगई हत्याकांड’ जैसी मौत देने की धमकी, एट्रोसिटी एक्ट सहित 4 धाराओं में FIR दर्ज

कोरिया। छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले से एक बेहद गंभीर और सनसनीखेज मामला सामने आया है। सोनहत ग्राम पंचायत की महिला सरपंच मानमती सिंह ने आरोप लगाया है कि उन्हें ‘नौगई हत्याकांड’ जैसी खौफनाक वारदात दोहराकर जान से मारने की धमकी दी गई है। इस मामले में तत्परता दिखाते हुए पुलिस ने एट्रोसिटी एक्ट (SC-ST Act) समेत चार अलग-अलग गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

सरपंच मानमती सिंह द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, पूरा विवाद 30 जून 2026 को पंचायत भवन में आयोजित एक बैठक के दौरान शुरू हुआ। आरोप है कि पंच पति जयकरन साहू द्वारा सरपंच पर उनके निजी बोर खनन का भुगतान शासकीय (सरकारी) राशि से करने का अवैध दबाव बनाया जा रहा था। जब सरपंच ने इस गलत भुगतान को करने से साफ इनकार कर दिया, तो विवाद बढ़ गया और उनके साथ कथित तौर पर जातिसूचक गाली-गलौज की गई।

पीड़िता का आरोप है कि इसी विवाद के दौरान वहां पहुंचे पूर्व उपसरपंच राजेंद्र प्रसाद साहू ने भी सार्वजनिक रूप से उन्हें जातिसूचक और अश्लील शब्द कहे। इतना ही नहीं, आरोपी ने क्षेत्र के चर्चित ‘नौगई हत्याकांड’ का हवाला देते हुए सरपंच को सीधे जान से मारने की धमकी दे डाली।

महिला सरपंच ने अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा को लेकर गहरी चिंता जताई है। उनका कहना है कि सोनहत थाने में शिकायत दर्ज कराने के बावजूद आरोपियों के हौसले बुलंद हैं।

रास्ता रोककर दोबारा धमकी: सरपंच का दावा है कि 2 जुलाई 2026 को कलेक्टर कार्यालय के सामने भी आरोपी राजेंद्र साहू ने उनका रास्ता रोका और दोबारा धमकी दी। सरपंच के मुताबिक, इस पूरी घटना का वीडियो फुटेज भी मौजूद है, जिसे साक्ष्य के रूप में पुलिस को सौंपा गया है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से तत्काल सुरक्षा मुहैया कराने और आरोपियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।

सरपंच की लिखित शिकायत को गंभीरता से लेते हुए सोनहत थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एट्रोसिटी एक्ट (ST-ST Act) सहित चार अलग-अलग धाराओं के तहत एफआईआर (FIR) दर्ज की है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि उपलब्ध वीडियो फुटेज और अन्य गवाहों के बयानों के आधार पर मामले की सूक्ष्मता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Related Posts

 युवाओं को ‘जॉब सीकर’ नहीं, ‘जॉब क्रिएटर’ बनाने की दिशा में आगे बढ़ रहा छत्तीसगढ़: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज नई दिल्ली में आयोजित दो दिवसीय वर्ल्ड लीडर्स…

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से की नई दिल्ली में सौजन्य भेंट

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज नई दिल्ली प्रवास के दौरान बिहार के मुख्यमंत्री…

दिल दहला देने वाली वारदात: मायके जाने की जिद पर देवर ने उठाया खौफनाक कदम, अदालत ने सुनाई उम्रकैद की सजा

जगदलपुर (बस्तर): छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले के जगदलपुर से एक सनसनीखेज और झकझोर देने…

1 of 457