सूरजपुर। करंजी चौकी क्षेत्र में रविवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया, जिसमें तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पेड़ से जा टकराई।। हादसा इतना भीषण था कि कार के परखच्चे उड़ गए और चालक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार, कार चालक धरतीपारा से खोपा की ओर जा रहा था, इसी दौरान करंजी क्षेत्र में वाहन अचानक नियंत्रण खो बैठा और सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का आगे का हिस्सा पूरी तरह तहस-नहस हो गया।

हादसे के बाद आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे, लेकिन कार बुरी तरह दबने के कारण चालक बाहर नहीं निकल पाया। सूचना पर पहुंची पुलिस और रेस्क्यू टीम ने घंटों मशक्कत के बाद कटर की मदद से कार को काटकर चालक के शव को बाहर निकाला। मृतक युवक धरतीपारा गांव का ही निवासी बताया जा रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।









