जगदलपुर (बस्तर): छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले में मंगलवार की सुबह एक भीषण सड़क हादसे से दहल गई। मौत की घाटी कहे जाने वाले झीरम घाट (NH-30) पर ब्रेक फेल होने के कारण एक तेज रफ्तार ट्रक ने पिकअप को जोरदार टक्कर मार दी। इस हृदयविदारक हादसे में 3 ग्रामीणों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 4 अन्य जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहे हैं।
बाजार जा रहे ग्रामीणों पर टूटा दुखों का पहाड़
हादसा सुबह करीब 10 बजे का है। ग्रामीण एक पिकअप वाहन में सवार होकर पखनार बाजार की ओर जा रहे थे। तभी पीछे से आ रहे एक भारी भरकम ट्रक का ब्रेक फेल हो गया। घाट की ढलान पर ट्रक अनियंत्रित होकर काल की तरह पिकअप पर जा चढ़ा। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पिकअप के परखच्चे उड़ गए और मौके पर ही चीख-पुकार मच गई।
रेस्क्यू ऑपरेशन: क्रेन और कटर का सहारा
घटना की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि टक्कर के बाद ट्रक का चालक वाहन के केबिन में ही बुरी तरह फंस गया।दरभा थाना पुलिस और स्थानीय ग्रामीणों ने तत्काल घायलों को दरभा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक माहेश्वर नाग ने बताया कि ट्रक चालक को निकालने के लिए क्रेन और कटर का इस्तेमाल किया जा रहा है। रेस्क्यू ऑपरेशन अभी भी जारी है।
NH-30 पर लगा भीषण जाम
हादसे के बाद नेशनल हाईवे-30 पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। यह मार्ग जगदलपुर को सुकमा और विशाखापत्तनम से जोड़ता है। संकरी सड़क और कांगेर वैली नेशनल पार्क का क्षेत्र होने के कारण यहाँ ट्रैफिक बहाल करने में पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ रही है।









