छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में नेशनल हाईवे-30 पर सोमवार को बड़ा सड़क हादसा हो गया। केशकाल थाना क्षेत्र के मूरवेंड के पास एक यात्री बस और ट्रक की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस में सवार कई यात्री घायल हो गए। हादसे के बाद आसपास के लोग और पुलिस मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को बस से बाहर निकालकर तुरंत कांकेर मेडिकल कॉलेज भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है।
हादसे के बाद कुछ देर के लिए हाईवे पर यातायात भी प्रभावित रहा। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
वहीं, एक अन्य सड़क हादसे में कोटा क्षेत्र के रैनपुर के पास तेज रफ्तार बाइक डिवाइडर से टकरा गई, जिसमें फॉरेस्ट विभाग में पदस्थ अमरनाथ पटेल की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि वह शासकीय कार्य से लौट रहे थे और उन्होंने हेलमेट नहीं पहना था, जिससे सिर में गंभीर चोट लग गई।
इस हादसे में बाइक पर सवार उनका साथी युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने दोनों मामलों में जांच शुरू कर दी है और लोगों से यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है।










