Trendingछत्तीसगढबड़ी खबर

CG NEWS: शादी का खाना खाने से 25 ग्रामीण बीमार, गांव में मेडिकल इमरजेंसी

राजनांदगांव। सोमनी क्षेत्र के ग्राम फुलझर में एक वैवाहिक समारोह की खुशियां उस वक्त मातम और अफरा-तफरी में बदल गईं, जब प्रीतिभोज का आनंद ले रहे मेहमान अचानक बीमार पड़ने लगे। दूल्हे के घर भोजन करने के बाद एक ही मोहल्ले के 25 से अधिक लोग फूड पॉइजनिंग (खाद्य विषाक्तता) का शिकार हो गए हैं। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए गांव में स्वास्थ्य विभाग की टीम तैनात कर दी गई है।

शादी के जश्न के बाद रात भर मची चीख-पुकार

मिली जानकारी के अनुसार, 28 अप्रैल की रात फुलझर के सतनामी पारा निवासी धनराज मंडले के बेटे का विवाह संपन्न हुआ था। वैवाहिक कार्यक्रम के दौरान मोहल्ले के लोगों ने रात्रि भोज किया। भोजन के कुछ ही घंटों बाद मेहमानों की तबीयत बिगड़ने लगी। रात भर गांव में उल्टी और दस्त से पीड़ित मरीजों की चीख-पुकार मची रही। देखते ही देखते बीमारों की संख्या दो दर्जन के पार पहुंच गई।

10 मरीजों की हालत गंभीर, अस्पताल में भर्ती

बुधवार सुबह मामले की सूचना स्वास्थ्य विभाग को दी गई, जिसके बाद प्रशासन में हड़कंप मच गया। 10 ग्रामीणों की हालत गंभीर होने पर उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सोमनी ले जाया गया। शेष 15 मरीजों का प्राथमिक उपचार स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा गांव में ही शिविर लगाकर किया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग ने गांव में 24 घंटे की निगरानी टीम तैनात कर दी है, जो घर-घर जाकर सर्वे कर रही है।

कुम्हड़े (कद्दू) की सब्जी पर गहराया शक

बीमार हुए ग्रामीणों और मोहल्ले वासियों ने आशंका जताई है कि भोजन में परोसी गई कुम्हड़े की सब्जी खराब थी, जिसके कारण ही सभी फूड पॉइजनिंग का शिकार हुए। स्वास्थ्य अधिकारियों ने भोजन के नमूने लेने और कार्यक्रम आयोजक परिवार से पूछताछ करने की बात कही है।

प्रशासनिक सतर्कता

मुख्य स्वास्थ्य एवं चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि प्रभावित क्षेत्र में सर्वे कार्य जारी है। गुरुवार को भी स्वास्थ्य टीम गांव का दौरा करेगी ताकि संक्रमण और न फैले। फिलहाल भर्ती मरीजों की स्थिति स्थिर बताई जा रही है, लेकिन एक साथ इतने लोगों के बीमार होने से पूरे गांव में दहशत का माहौल है।


Related Posts

सियासत की भेंट चढ़ी ममता: जगदलपुर में पांच बेटियों संग सड़क पर आई विधवा माँ, भाजपा पार्षद ने घर में जड़ा ताला

जगदलपुर। बस्तर के हृदय स्थल जगदलपुर से एक ऐसी तस्वीर सामने आई है, जिसने मानवता…

1 of 300