रायपुर। राजधानी के खम्हारडीह थाना अंतर्गत लोधीपारा चौक स्थित ‘लक्ष्य ज्वेलर्स’ में हुई लाखों की चोरी का मामला सुलझाते हुए पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। वारदात के महज 10 घंटे के भीतर पुलिस ने आरोपियों को ट्रेस कर लिया। हालांकि, इस दौरान एक दुखद मोड़ तब आया जब मुख्य आरोपी (नाबालिग) ने पुलिस की गिरफ्तारी के डर से अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
300 कैमरों की मदद से 40 सदस्यीय टीम ने घेरा
लक्ष्य ज्वेलर्स में हुई चोरी की गंभीरता को देखते हुए पुलिस कमिश्नर ने 40 सदस्यीय विशेष टीम का गठन किया था। टीम ने राजधानी के 300 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। तकनीकी विश्लेषण और लोकल इंटेलिजेंस की मदद से पुलिस गांधी नगर निवासी एक आरोपी तक पहुंची। पूछताछ में उसने अपने नाबालिग साथी के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया।
गिरफ्तारी के डर से छज्जे के रास्ते घुसा और लगा ली फांसी
पुलिस जब मुख्य आरोपी को पकड़ने उसके गांधी नगर स्थित घर पहुंची, तो वहां ताला लगा मिला। बताया जा रहा है कि आरोपी पुलिस से बचने के लिए छज्जे के रास्ते घर के अंदर घुसा और अंदर से फांसी लगा ली। देर रात करीब 1:45 बजे जब पड़ोस के मजदूरों ने युवक को फंदे पर लटका देखा, तब पुलिस को सूचना दी गई।
आरोपी की पृष्ठभूमि:
- अपराधिक रिकॉर्ड: मृतक आरोपी के खिलाफ पहले से ही आर्म्स एक्ट और चोरी के आधा दर्जन मामले दर्ज थे।
- पारिवारिक स्थिति: आरोपी अपनी चार बहनों के साथ किराए के मकान में रहता था। माता-पिता के निधन के बाद चोरी की आदतों के कारण मामा ने उसे घर से निकाल दिया था।
- नशीली सामग्री: पुलिस ने आरोपी के उसी मकान से तलाशी के दौरान गांजा और नशीली गोलियां भी बरामद की हैं।
चोरी के जेवरात बरामद, बहनों से होगी पूछताछ
पुलिस ने गिरफ्तार किए गए दूसरे आरोपी की निशानदेही पर चोरी किए गए सोने-चांदी के जेवरात बरामद कर लिए हैं। मृतक आरोपी की बहनों को भी पुलिस ने पूछताछ के लिए थाने बुलाया है ताकि यह पता लगाया जा सके कि क्या उन्हें इन वारदातों की जानकारी थी। फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।










