भिलाई:
भिलाई के छावनी थाना क्षेत्र से रिश्तों और भरोसे को तार-तार कर देने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहाँ एक 14 वर्षीय किशोर द्वारा अपनी ही पड़ोस में रहने वाली दो मासूम सगी बहनों (उम्र 7 और 9 वर्ष) के साथ अनाचार किए जाने का मामला उजागर हुआ है। परिजनों की शिकायत के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नाबालिग आरोपी को हिरासत में ले लिया है।
खेलने के बहाने बुलाकर करता था घिनौनी करतूत
छावनी पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित दोनों बच्चियां आपस में सगी बहनें हैं। आरोपी किशोर पड़ोसी होने के नाते अक्सर उन्हें अपने घर खेलने के बहाने बुलाया करता था। दोनों परिवारों के बीच अच्छा मेल-जोल होने के कारण परिजनों को कभी किसी गलत हरकत का अंदेशा नहीं हुआ। इसी का फायदा उठाकर आरोपी ने इस घिनौनी वारदात को अंजाम दिया।
पेट और प्राइवेट पार्ट में दर्द से तड़पी मासूम, तब खुला राज
घटना का खुलासा तब हुआ जब गुरुवार की देर शाम छोटी बहन (7 वर्ष) रोते हुए अपने घर पहुँची। वह पेट और प्राइवेट पार्ट में हो रहे तेज दर्द से बुरी तरह तड़प रही थी। बच्ची की हालत देखकर माता-पिता को अनहोनी का शक हुआ। जब पुलिस ने दोनों बहनों से अलग-अलग संवेदनशीलता के साथ पूछताछ की, तब इस चौंकाने वाली और दर्दनाक घटना का सच सामने आया।
परिजनों का फूटा गुस्सा, थाने पहुंचकर की ‘बुलडोजर कार्रवाई’ की मांग
आक्रोश: घटना की जानकारी मिलते ही आक्रोशित परिजन दोनों बच्चियों को लेकर सीधे छावनी थाने पहुंचे। पीड़ित परिवार का गुस्सा इस कदर था कि उन्होंने पुलिस प्रशासन से आरोपी के मकान पर तत्काल बुलडोजर चलाने की मांग की है। परिजनों का कहना है कि अपराधियों के मन में कानून का कड़ा खौफ होना चाहिए ताकि भविष्य में कोई ऐसी हिम्मत न कर सके।
पुलिस की कार्रवाई
मामले की गंभीरता को देखते हुए छावनी पुलिस ने तत्काल अपराध दर्ज कर 14 वर्षीय नाबालिग आरोपी को हिरासत में ले लिया है। पुलिस द्वारा मामले की विस्तृत जांच की जा रही है और बच्चियों को चिकित्सीय सहायता उपलब्ध कराई गई है।










